अन्य

PM मोदी की बड़ी अपील: एक साल तक गैर-जरूरी सोना न खरीदें, पेट्रोल-डीजल बचाएं और अपनाएं ‘मेड इन India’

हैदराबाद : PM मोदी ने हैदराबाद में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए देशवासियों से आर्थिक चुनौतियों के दौर में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय आर्थिक अस्थिरता, सप्लाई चेन संकट और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों से गुजर रही है, जिसका असर महंगाई और अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। ऐसे समय में भारत को मजबूत बनाए रखने के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

PM मोदी ने लोगों से अगले एक साल तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सोने के आयात पर बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है और अगर लोग संयम बरतें तो देश की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिल सकती है। इसके साथ ही उन्होंने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने पर जोर देते हुए कहा कि ईंधन बचत राष्ट्रीय हित से जुड़ा विषय है।

अपने संबोधन में PM मोदी ने सार्वजनिक परिवहन और मेट्रो के अधिक इस्तेमाल की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो वहां कार-पूलिंग अपनाई जाए और माल ढुलाई के लिए रेल परिवहन को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की भी अपील की गई। उन्होंने कोविड काल का जिक्र करते हुए कहा कि वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वर्चुअल कॉन्फ्रेंस जैसी व्यवस्थाएं दोबारा अपनाने से समय और ईंधन दोनों की बचत हो सकती है।

PM मोदी ने विदेश यात्राओं और विदेशों में छुट्टियां मनाने की बजाय देश के भीतर पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय कारोबार को फायदा पहुंचेगा। इसके अलावा उन्होंने लोगों से रोजमर्रा की जरूरतों के लिए ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों के इस्तेमाल से रोजगार बढ़ेगा और विदेशी आयात पर निर्भरता कम होगी।

PM मोदी ने खाने के तेल की खपत कम करने की सलाह देते हुए इसे स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए फायदेमंद बताया। वहीं किसानों से रासायनिक उर्वरकों का उपयोग 50 प्रतिशत तक कम करने और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कृषि क्षेत्र में डीजल पंपों की जगह सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई पंपों को अपनाने पर भी जोर दिया।

PM मोदी ने कहा कि देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और हर नागरिक की छोटी-छोटी कोशिशें भारत को वैश्विक चुनौतियों से मुकाबला करने की ताकत देंगी।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *