डेस्क: आईपीएल 2026(IPL 2026) अब उस मोड़ पर पहुंच चुका है, जहां हर मैच प्लेऑफ की तस्वीर बदल रहा है। शनिवार को गुजरात टाइटंसGujarat Titans) ने राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals)को 77 रनों से हराकर न सिर्फ शानदार जीत दर्ज की, बल्कि पॉइंट्स टेबल points table)में भी दूसरा स्थान हासिल कर लिया। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम ने इस मुकाबले में ऐसा दमदार प्रदर्शन किया, जिसने बाकी टीमों की टेंशन बढ़ा दी। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी जीत के बावजूद गुजरात टाइटंस को प्लेऑफ की दौड़ में सबसे कमजोर दावेदार माना जा रहा है।
आंकड़ों के मुताबिक गुजरात टाइटंस के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना 72.52 प्रतिशत है, जो टॉप-5 टीमों में सबसे कम है। जबकि सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु उससे आगे हैं। क्रिकेट फैंस के लिए यह आंकड़ा चौंकाने वाला जरूर है, लेकिन इसके पीछे टीमों का आगामी शेड्यूल सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है।
SRH बनी सबसे मजबूत दावेदार
इस समय प्लेऑफ की रेस में सबसे मजबूत स्थिति सनराइजर्स हैदराबाद की नजर आ रही है। हैदराबाद के प्लेऑफ में पहुंचने के चांस 89.59 प्रतिशत बताए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, टीम के टॉप-2 में फिनिश करने की संभावना भी 60 प्रतिशत से ज्यादा है। लगातार संतुलित प्रदर्शन ने SRH को इस सीजन की सबसे खतरनाक टीम बना दिया है।
पंजाब और राजस्थान भी मजबूत स्थिति में
पंजाब किंग्स के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना 84.81 प्रतिशत आंकी गई है। टीम ने इस सीजन कई करीबी मुकाबले जीतकर खुद को मजबूत स्थिति में पहुंचाया है। वहीं राजस्थान रॉयल्स, हालिया हार के बावजूद 80.31 प्रतिशत चांस के साथ रेस में बनी हुई है। हालांकि खराब नेट रन रेट उसकी सबसे बड़ी कमजोरी साबित हो सकती है।
RCB और GT के बीच कांटे की टक्कर
आरसीबी के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना 77.55 प्रतिशत है, जबकि गुजरात 72.52 प्रतिशत पर है। दोनों टीमों के बीच फर्क ज्यादा नहीं है, लेकिन गुजरात का बाकी शेड्यूल उसे मुश्किल में डाल रहा है। GT को अपने आखिरी लीग मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद, कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी मजबूत टीमों का सामना करना है। दूसरी ओर राजस्थान के मुकाबले अपेक्षाकृत कमजोर टीमों के खिलाफ हैं, जिससे उसके चांस ज्यादा माने जा रहे हैं।
चेन्नई अब भी रेस में जिंदा
चेन्नई सुपर किंग्स ने खराब शुरुआत के बावजूद वापसी की है। टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना फिलहाल 38.81 प्रतिशत है। हालांकि अगर ऋतुराज गायकवाड़ की टीम अपने बाकी मुकाबले जीत जाती है, तो पूरा समीकरण बदल सकता है।
इन टीमों का सपना लगभग खत्म
कोलकाता नाइट राइडर्स, मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदें अब लगभग खत्म मानी जा रही हैं। दिल्ली के प्लेऑफ चांस शून्य प्रतिशत बताए गए हैं, जबकि मुंबई और लखनऊ भी 2 प्रतिशत से नीचे पहुंच चुके हैं। अब आईपीएल 2026 का हर मुकाबला करो या मरो जैसा बन चुका है। आने वाले दिनों में पॉइंट्स टेबल में और बड़े उलटफेर देखने को मिल सकते हैं।

