डेस्क:उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक संगठित गिरोह के ठिकाने पर छापेमारी कर करोड़ों रुपये का सोना-चांदी और लाखों की नकदी बरामद की है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस विभाग का एक सिपाही भी संलिप्त पाया गया है, जिसे तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। झांसी जिले की पुलिस ने छापा मारकर करीब 1.72 करोड़ रुपये का सोना-चांदी और 18.92 लाख रुपये नकदी बरामद की और गिरोह की दो महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले में संलिप्त एक सिपाही को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जारी है।

