दरभंगा :मिथिलांचल के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था अब पूरी तरह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के हाथों में चली गई है। इसके लिए CISF के 145 अधिकारियों और जवानों की विशेष टीम दरभंगा पहुंच चुकी है और एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था संभालने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने दरभंगा एयरपोर्ट को सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील श्रेणी में रखते हुए यहां CISF तैनाती को मंजूरी दी थी। लगातार बढ़ते यात्री दबाव, वीआईपी मूवमेंट और आधुनिक सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। अब एयरपोर्ट पर प्रवेश से लेकर निगरानी और सुरक्षा जांच तक की जिम्मेदारी CISF के जवान संभालेंगे।
सूत्रों के अनुसार, CISF टीम के पहुंचने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा अधिकारियों के बीच कई दौर की बैठक हुई है। जवानों के रहने और तैनाती को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। स्थायी बैरक तैयार होने तक अस्थायी तौर पर उनके ठहरने की व्यवस्था स्थानीय परिसर में की गई है।
दरभंगा एयरपोर्ट पिछले कुछ वर्षों में बिहार के सबसे तेजी से विकसित होने वाले एयरपोर्ट्स में शामिल हुआ है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद समेत कई बड़े शहरों के लिए यहां से नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि के बाद लंबे समय से यहां CISF तैनाती की मांग उठ रही थी।
माना जा रहा है कि CISF की तैनाती के बाद दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक हाईटेक व मजबूत होगी। इससे यात्रियों को बेहतर सुरक्षा माहौल मिलेगा और भविष्य में एयरपोर्ट विस्तार की योजनाओं को भी गति मिल सकती है।
आशुतोष झा

