डेस्क: एक्टर प्रभास इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, लेकिन एक बड़े हादसे के चलते उन्हें इस फिल्म की शूटिंग रोकनी पड़ गई है। हैदराबाद के पास हुए एक सड़क हादसे में फिल्म यूनिट के एक मेंबर की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। जानिए क्या है पूरा मामला।
सूत्रों के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब फिल्म की टीम शूटिंग के लिए रामोजी फिल्म सिटी की ओर जा रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाहन अब्दुल्लापुरमेट के पास अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गया। यह घटना चाउटुप्पल पुलिस स्टेशन क्षेत्र के टूप्रानपेट ब्रिज के पास हुई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना के बाद फिल्म की शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है। हालांकि, बताया जा रहा है कि फिल्म का लगभग 80% काम पूरा हो चुका है और सिर्फ कुछ एक्शन सीक्वेंस ही बाकी हैं।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट अब भी अक्टूबर में रिलीज के लिए तैयार किया जा रहा है। अगर सब ठीक रहा तो प्रभास इस साल दो फिल्मों के साथ बड़े पर्दे पर नजर आ सकते हैं। ‘फौजी’ में प्रभास के साथ ईमानवी भी अहम भूमिका में हैं। इसके अलावा मिथुन चक्रवर्ती और जया प्रदा भी फिल्म का हिस्सा हैं।
फिलहाल मेकर्स की तरफ से इस हादसे को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिल्म को लेकर फैंस में जहां एक्साइटमेंट थी, वहीं इस हादसे ने सभी को झकझोर दिया है।

