राष्ट्रीय

परीक्षा या सब्र का इम्तिहान? 70 KM दूर केंद्र देख भड़कीं छात्राएं, बहिष्कार की धमकी दी

डेस्क: माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा 7 मई से शुरू होने जा रही 10वीं और 12वीं की द्वितीय वार्षिक परीक्षा से पहले ही विवाद खड़ा हो गया है। देवरी ब्लॉक के शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल की 200 छात्राओं का परीक्षा केंद्र 70 किलोमीटर दूर सागर (मकरोनिया) बनाए जाने पर छात्राओं और उनके परिजनों में भारी आक्रोश है।
जैसे ही माध्यमिक शिक्षा मंडल की वेबसाइट पर प्रवेश पत्र अपलोड हुए, छात्राओं के होश उड़ गए। देवरी की छात्राओं के लिए स्थानीय केंद्र बनाने के बजाय उन्हें मकरोनिया सागर स्थित शासकीय कन्या स्कूल आवंटित कर दिया गया। खबर मिलते ही दो दर्जन से ज्यादा छात्राएं और उनके अभिभावक स्कूल पहुंच गए और शिक्षकों के सामने अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। छात्राओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि केंद्र नहीं बदला गया तो वे परीक्षा का सामूहिक बहिष्कार करेंगी।

आक्रोशित छात्राएं और उनके परिजन एकत्रित होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए छात्राओं ने कार्यालय के मुख्य गेट पर 20 मिनट तक मौन धरना दिया। इसके बाद छात्राओं ने एसडीएम मुनाब्बर खान को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
छात्राओं ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों से आती हैं और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। सुबह 8:30 बजे की परीक्षा के लिए 70 किलोमीटर दूर पहुंचना उनके लिए नामुमकिन है। आने-जाने के साधन न होने के कारण वे समय पर केंद्र नहीं पहुंच पाएंगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मुनाब्बर खान ने छात्राओं को भरोसा दिलाया है कि प्रशासन उनकी मदद के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी सागर से चर्चा की गई है कि परीक्षा केंद्र बदलकर देवरी के संदीपनी स्कूल में कर दिया जाए। यदि केंद्र नहीं बदलता है, तो स्कूल से सुबह 6 बजे छात्राओं के लिए दो बसें लगाई जाएंगी। बसों में तीन शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी और पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी।
अभिभावकों का कहना है कि जब देवरी में अन्य छात्रों के लिए संदीपनी स्कूल में केंद्र बनाया गया है, तो छात्राओं के साथ ऐसा सौतेला व्यवहार क्यों किया गया? अब सभी की नजरें माध्यमिक शिक्षा मंडल के अगले फैसले पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *