
दरभंगा। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर अधिवक्ताओं के लिए व्यावसायिक आचरण और शिष्टाचार विषय पर संवेदीकरण सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के एडीआर भवन में हुआ।
अधिवक्ता संघ के सदस्यों को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष,जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा श्री अजय कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसा कोई भी व्यावसायिक क्षेत्र नहीं है जिसमें कार्य करने वाले को विद्वान कह कर संबोधित किया जाता हो।
अधिवक्ताओं को उनके ज्ञान, कार्यशैली,स्वभाव एवं आचरण को देखते हुए यह उपाधि सही है। कालांतर में भी देश को आजाद कराने में अधिवक्ताओं का पूर्ण सहयोग रहा है। उस समय शायद हमारे स्वतंत्रता सेनानियों में अधिवक्ता नहीं होते तो देश को आजाद होने में कुछ और समय लग जाता। उन्होंने कहा अधिवक्ता संघ दरभंगा के अधिवक्तागण बहुत हीं अच्छे हैं। अपील है कि सभी लोग बार कौंसिल ऑफ इंडिया के नियमों का पालन करते रहें और सजग रहें। ऐसा कोई भी कृत्य करने से बचें जो न्यायिक व्यवस्था के साथ साथ अधिवक्ता के पेशे की छवि को धूमिल करता हो। इसके अलावा प्रधान जिला जज ने संवेदनशील गवाहों के लिए निर्मित वल्नरेबल विटनेस डिपोजीशन सेंटर का लाभ संबंधित गवाहों को दिलाने की भी बात कही। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए संबंधित विषय पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम नीरज कुमार,जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय, संतोष कुमार पांडेय,सीजेएम, जुनैद आलम, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, चंद्रधर मल्लिक,सचिव कृष्ण कुमार मिश्र सहित अधिवक्तागण मौजूद थे।
