राष्ट्रीय

चुनाव खत्म, महंगाई शुरू, वाणिज्यिक LPG सिलेंडर के दाम में भारी वृद्धि, ATF भी महंगा

डेस्क:पांच राज्यों के लिए मतदान खत्म होने के ठीक दो दिन बाद मोदी सरकार ने एलपीजी की कीमतों में बड़ी वृद्धि कर दी है, हालांकि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की गयी है। इसी के साथ अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों के लिए एटीएफ यानी विमान ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गयी है, जिससे आने वाले समय में हवाई यात्रा महंगी होना लगभग तय माना जा रहा है। वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती अस्थिरता और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ये फैसले सामने आए हैं। उल्लेखनीय है कि सरकारी स्वामित्व वाली तेल कंपनियों, जिनमें प्रमुख रूप से इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन शामिल है, उसने आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस की कीमतों को स्थिर रखा है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर बनी हुई है, जबकि मुंबई में पेट्रोल 103.54 रुपये और डीजल 90.03 रुपये प्रति लीटर पर कायम है। इसके विपरीत, एक मई 2026 यानि आज से वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में औसतन 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक सिलेंडर की नई कीमत 3071.50 रुपये हो गई है। वहीं 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत 913 रुपये पर स्थिर रखी गई है, जिससे आम रसोई उपयोगकर्ताओं को तत्काल राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *