कहा- विकास के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित
कुलपति और कुलाधिपति के प्रति जताया आभार
दरभंगा। संस्कृत विश्वविद्यालय में नव नियुक्त कुलसचिव डॉ दिनेश झा ने गुरुवार को अपना पदभार सम्भाल लिया है। 29 अप्रैल बुधवार को राजजभवन ने उन्हें कुलसचिव नियुक्त किया था।
उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि कुलसचिव डॉ झा ने कुलपति प्रो. लक्ष्मीनिवास पांडेय के समक्ष उनके कार्यालयीय कक्ष में योगदान की सारी प्रक्रियाओं को सम्पन्न किया। मौके पर कुलपति प्रो पांडेय ने उम्मीद जताई कि अपने नाम के अनुरूप नए कुलसचिव कार्यों को सम्पादित करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि डॉ झा विश्वविद्यालय में पहले से ही पदाधिकारी के रूप में कार्य कर रहे हैं। हमलोग उनसे पूरी तरह वाकिफ हैं। जाहिर है ऐसे में विश्वविद्यालय अवश्य ही आगे बढ़ेगा। उन्होंने डॉ झा को शुभकामनाएं भी दी। वहीं, पदभार सम्भालते ही कुलसचिव डॉ झा ने सभी को सम्बोधित करते हुए आश्वस्त किया कि नियम- परिनियम व सरकार के साथ साथ राजभवन के दिशा निर्देशों के मुताबिक ही कार्य किये जायेंगे। अनावश्यक संचिकाओं को रोका नहीं जाएगा। विश्वविद्यालय के विकास व प्रशासनिक कार्यों को बेहतर करने कब लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने स्वीकार किया कि विश्वविद्यालय में कई ऐसे मुद्दे हैं जिसे मिल बैठकर हल किया जा सकता है। साथ ही कहा कि अगले कुछ दिनों में कार्य संस्कृति में बदलाव अवश्य नजर आएगा। उन्होंने कुलपति प्रो पांडेय व मा. महामहिम के प्रति भी आभार के साथ अपनी कृतज्ञता जताई।
वहीं, विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रघुनन्दन लाल कर्ण व सचिव अभिमन्यु कुमार के नेतृत्व में कुलपति एवं कुलसचिव को पाग -चादर के साथ फूलमाला भेंट कर सम्मानित किया गया।
मौके पर संघ के पदाधिकारियों व अन्य सदस्यों ने नवनियुक्त कुलसचिव को संघ का भरपूर सहयोग देने का भरोसा दिया। कहा कि कुलसचिव अपने घर के हैं। उन्हें कमजोरी व मजबूती सभी पता है।ऐसे में सभी को साथ लेकर विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों पर आसानी से लाया जा सकता है। मौके पर विश्वविद्यालय के सभी पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।

