डेस्क: ग्वालियर शहर (Gwalior City) के दीनदयाल नगर इलाके (Deendayal Nagar area) में चोरी (Theft) की नीयत से घुसे एक शातिर चोर के साथ अजीब घटना हो गई। सरिया चोरी करने पहुंचा आरोपी अपनी ही चाल में ऐसा फंस गया कि उसका हाथ लोहे की जाली में अटक गया और उसे पूरी रात उसी हालत में खड़ा रहना पड़ा। यह घटना दीनदयाल नगर की है, जो महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सोमवार देर रात मनोज कुशवाह नाम का शातिर चोर एक निर्माणाधीन मकान में चोरी करने घुसा था। उसका मकसद वहां से सरिया चुराना था।
दरवाजा खोलने की कोशिश बनी मुसीबत
मकान के अंदर पहुंचने के बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की। उसने दरवाजे के पास लगी लोहे की जाली से हाथ अंदर डालकर कुंडी खोलने का प्रयास किया, लेकिन यही कोशिश उसके लिए भारी पड़ गई। काफी देर तक कुंडी खोलने की कोशिश करते हुए उसका हाथ जाली में इस तरह फंस गया कि वह बाहर नहीं निकाल सका। पूरी रात वह उसी स्थिति में फंसा रहा और आसपास कोई मदद के लिए नहीं था।
सुबह मकान मालिक ने देखा तो हुआ खुलासा
सुबह जब मकान मालिक निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे तो जाली में फंसे युवक को देखकर हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आरोपी का हाथ जाली से बाहर निकाला गया।
आरोपी निकला शातिर चोर
पुलिस जांच में सामने आया कि मनोज कुशवाह इलाके का शातिर चोर है और उसके खिलाफ पहले से ही सरिया चोरी के करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। वह खासतौर पर निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में उसने कई वारदातों को कबूल भी किया है। अब पुलिस चोरी किए गए सरिए और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।

