प्रवेश परीक्षा के सूचनापत्रक का कुलपति ने किया विमोचन
21 मई तक भरे जाएंगे फार्म
दरभंगा शहर में ही 7 जून को
होगी परीक्षा, 19 को आएगा रिजल्ट
दरभंगा। जो छात्र शास्त्री,आचार्य एवं बी.ए संस्कृत विषय से उत्तीर्ण हैं और शिक्षाशास्त्री अर्थात संस्कृत से बीएड करना चाहते हैं उनके लिए सुनहला अवसर शुरू हो चुका है। शिक्षाशास्त्री संयुक्त प्रवेश परीक्षा का ऑनलाइन आवेदन 27 अप्रैल से ही लिया जा रहा है। सामान्य शुल्क के साथ 18 मई तक आवेदन किया जा सकता है। अन्यथा विलम्ब शुल्क पर 19 मई से 21 मई तक इसके लिए फॉर्म भरने की सुविधा रहेगी। इसकी परीक्षा दरभंगा में ही 07 जून को होगी और रिजल्ट 19 जून को आ जायेगा। अगर छात्र अपने ऑनलाइन आवेदनों में संशोधन करने चाहते हैं तो वे 22 व 23 मई को ऐसा कर सकते हैं। पहली जून से प्रवेश पत्र जारी होने चालू हो जाएगा। उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि इस संयुक्त प्रवेश परीक्षा से सम्बंधित सूचनापत्रक का बुधवार को कुलपति प्रो. लक्ष्मीनिवास पांडेय ने विमोचन भी कर दिया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बिहार में एक मात्र संस्कृत विश्वविद्यालय है जिसके परिसर में संस्कृत के माध्यम से शिक्षाशास्त्री (बी.एड) की उपाधि दी जाती है । प्रतिवर्ष यहां प्रदेश के विभिन्न जिलों के छात्र संयुक्त प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर नियमित रूप से अध्ययन करते हैं । उन्होंने कहा कि हमारे महाविद्यालयों एवं स्नातकोत्तर विभाग से शास्त्री एवं आचार्य कक्षा उत्तीर्ण छात्र अधिक से अधिक संख्या में परीक्षावेदन पूरित करें । इसके लिए प्रधानाचार्यों , विभागाध्यक्षों तथा प्राध्यापकों का सहयोग आवश्यक है । सभी के समवेत प्रयास से ही संस्कृत के मेधावी छात्रों का प्रवेश सम्भव है। ऐसा करने से ही संस्कृत में अध्ययन-अध्यापन का मार्ग और प्रशस्त हो सकेगा।
विमोचन के समय शिक्षाशास्त्र विभाग के निदेशक डॉ.घनश्याम मिश्र ने कहा कि संस्कृत छात्रों को निर्धारित समय के अन्दर आवेदन करना चाहिए । प्रवेश परीक्षा से सम्बन्धित किसी भी जिज्ञासा के लिए छात्र कार्यावधि में शिक्षाशास्त्र विभाग आकर आवश्यक जानकारी पा सकते हैं ।
वहीं, संयुक्त प्रवेश परीक्षा के विश्वविद्यालय नोडल पदाधिकारी बने डॉ.रामसेवक झा ने बताया कि 08 जून को प्रश्नों की उत्तर कुंजी निर्गत की जाएगी । छात्र इस कुंजी से अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं और इससे सम्बंधित अगर कोई आपत्ति है तो वे साक्ष्य सहित 10 जून तक ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिक्षाशास्त्री कोर्स में आवेदित छात्रों की परीक्षा दरभंगा शहर में ही निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षाशास्त्र विभाग में 100 सीट निर्धारित है । शिक्षाशास्त्री करने के इच्छुक छात्रों के लिए आवश्यक निर्देश के तहत बताया कि ऑनलाइन आवेदन में प्रोग्राम चयन के समय दो विकल्प आता है – बी.एड एवं शिक्षाशास्त्री । संस्कृत के छात्र प्रोग्राम चयन में शिक्षाशास्त्री का ही चयन करें । बीएड चयन करने पर इस विभाग में नामांकन नही हो पाएगा । मौके पर उपकुलसचिव डॉ नवीन कुमार झा समेत
शिक्षाशास्त्र विभागीय प्राध्यापक डॉ.रामानन्दन झा,डॉ.अवन कुमार राय ,डॉ.प्रीति रानी, डॉ.निशा,डॉ.संजीव कुमार , डॉ.गोपाल कुमार महतो, पवन सहनी,कुन्दन कुमार ,श्रीधर आदि मौजूद थे ।

