अंतरराष्ट्रीय

ईंधन की कमी के चलते पाकिस्तानी कर रहे अजीब हरकतें, लोग गुब्बारों में जमा कर रहे खाना पकाने वाली गैस

डेस्क: पाकिस्तान में महंगाई की वजह से पहले ही परेशान लोगों के सामने ईंधन संकट बड़ी मुसीबत बन गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि लोग अजीब हरकतें करते हुए नजर आ रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, कराची के कुछ हिस्सों में रहने वाले लोगों ने गैस को प्लास्टिक के गुब्बारों में जमा करना शुरू कर दिया है। लोग ऐसा इस वजह से कर रहे हैं क्योंकि यहां गैस की भारी किल्लत देखने को मिल रही है।
कराची के ओरंगी टाउन इलाके के लोगों का कहना है कि गैस की अनियमित सप्लाई के कारण उनके पास कोई और चारा नहीं बचा है। सूत्रों के अनुसार, खासतौर पर डिजाइन किए गए इन प्लास्टिक के गुब्बारों में गैस को भरा जाता है और फिर बाद में खाना पकाने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है। निवासियों ने बताया कि ये गुब्बारे स्थानीय बाजारों में लगभग 1,000 से 1,500 रुपये में मिलते हैं। एक बार भर जाने के बाद गुब्बारों को गैस लाइन से अलग कर दिया जाता है और पूरे दिन खाना पकाने की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक अस्थायी स्टोरेज सिस्टम के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है।

रिपोर्ट के अनुसार, कई परिवारों को गैस की अनियमित सप्लाई के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि रोजमर्रा के बुनियादी काम करने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसी वजह से उन्हें ऐसे अजीब और खतरनाक तरीके अपनाने पर मजबूर होना पड़ा है। स्थानीय लोगों ने इस तरीके को मजबूरी बताते हुए गैस की भारी कमी को वजह बताया है।
रिपोर्ट के अनुसार विशेषज्ञों ने इस तरीके को लेकर सुरक्षा संबंधी गंभीर चिंताएं जताई हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि प्लास्टिक के गुब्बारों में गैस जमा करना बेहद खतरनाक हो सकता है। सुरक्षा विश्लेषकों ने इन गुब्बारों को चलता-फिरता बम जैसा बताया है। उन्होंने आगाह किया है कि जरा सी रगड़, गर्मी या चिंगारी से भी धमाका हो सकता है, जिसके घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों में भयानक नतीजे हो सकते हैं। घरों के अंदर ऐसे गैस से भरे गुब्बारों की मौजूदगी से आग लगने की घटनाओं का डर बढ़ गया है। विशेषज्ञों ने अधिकारियों से इस मामले में तुरंत दखल देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *