अंतरराष्ट्रीय

अराघची फिर पहुंचे पाकिस्तान, 48 घंटे में तीसरी यात्रा, होर्मुज वाली शर्त पर ईरान से नाखुस हैं ट्रंप

डेस्क: अमेरिका (US) और ईरान (Iran) के बीच सीजफायर (Ceasefire) जारी है. दोनों देशों की ओर से बातचीत पर सस्पेंस है, लेकिन शर्तों का पुलिंदा एक-दूसरे को थमाने का सिलसिला जारी है. बातचीत पर कभी हां कभी ना, कभी बनते कभी बिगड़ते नजर आ रहे समीकरणों के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Foreign Minister Abbas Araqchi) एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं. अमेरिका-ईरान बातचीत पर सस्पेंस के बीच अब्बास अराघची फिर से पाकिस्तान पहुंच गए हैं.
पिछले 48 घंटों के भीतर अराघची का यह तीसरा पाकिस्तान दौरा है. अब्बास अराघची का यह तीसरा पाकिस्तान दौरा रूस और ओमान समेत कई देशों के दौरे, उच्चस्तरीय बैठकों के बाद हो रहा है. अब्बास अराघची पाकिस्तान से रूस रवाना हो गए थे. अब वह रूस दौरे के बाद सीधे पाकिस्तान के इस्लामाबाद पहुंच गए हैं.

अब्बास अराघची का यह पाकिस्तान दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब ईरान की होर्मुज वाली शर्त को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नाखुश हैं. अमेरिका ने दो टूक कह दिया है कि उसे होर्मुज वाली शर्त मंजूर नहीं है. संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी ईरान से होर्मुज खोलने की अपील करते हुए कहा है कि न टोल वसूला जाना चाहिए, ना ही किसी तरह का भेदभाव ही किया जाना चाहिए.
ट्रंप की नाखुशी और यूएन महासचिव की दो टूक के बाद अराघची का यह इस्लामाबाद दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है. ऐसा माना जा रहा है कि अराघची अपने इस पाकिस्तान दौरे के दौरान अमेरिका को नया प्रस्ताव भिजवा सकते हैं. हालांकि, यह सब अभी कयास हैं और ईरान की ओर से इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
गौरतलब है कि ईरान ने होर्मुज खोलने को लेकर अमेरिका के सामने एक प्रस्ताव रखा है. ईरान ने कहा है कि वह होर्मुज से जहाजों की आवाजाही सामान्य करने को तैयार है, लेकिन शर्त यह है कि अमेरिका उस पर लगाई गई आर्थिक पाबंदियां हटा दे. अमेरिका आर्थिक नाकेबंदी खत्म कर तनाव कम करने की दिशा में कदम उठाए, तो वह होर्मुज खोल देगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *