अन्य

दरभंगा में यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर एसएसपी का वार्षिक निरीक्षण, कई अहम निर्देश जारी

दरभंगा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने यातायात थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना के विभिन्न पंजी, अभिलेखों एवं कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की।

जांच के क्रम में यह पाया गया कि पिछले वर्ष दिए गए निर्देशों के आधार पर अधिकांश पंजी अद्यतन कर लिए गए हैं, हालांकि कुछ अभिलेख अब भी अधूरे हैं। इस पर एसएसपी ने संबंधित कर्मियों को शीघ्र सभी लंबित कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही नए पंजी तैयार कर उन्हें नियमित रूप से अपडेट करने की प्रक्रिया को भी सुनिश्चित किया गया। इस दिशा में किए गए प्रयासों पर एसएसपी ने संतोष व्यक्त करते हुए पुलिसकर्मियों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम को गंभीरता से लेते हुए विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सबसे पहले आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए और उन्हें नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाए। इसके बावजूद यदि उल्लंघन होता है, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए चालान काटा जाए। एसएसपी ने शहर में बढ़ते अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग को जाम की बड़ी वजह बताते हुए इस पर नियंत्रण के लिए दरभंगा नगर निगम के धावा दल द्वारा नियमित अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने दुकानदारों को भी निर्देशित करने की बात कही कि वे अपने वाहनों को व्यवस्थित ढंग से पार्क करें और सड़कों पर अतिक्रमण न होने दें। इसके अतिरिक्त, वन-वे व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *