खेल

”क्रुणाल पांड्या एक ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें यह खेल लंबे समय तक याद रखेगा”, जानें कार्तिक ने क्यों कही ये बात

डेस्क: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बैटिंग कोच और मेंटर दिनेश कार्तिक ने ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या की तारीफ करते हुए कहा कि वह फिंगर-स्पिन बॉलिंग की सीमाओं को आगे बढ़ा रहे हैं और इस कला का चेहरा बदलने का श्रेय उन्हें दिया। RCB सोमवार को दिल्ली में होने वाले अपने अगले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सामना करेगी। टीम अभी पॉइंट्स टेबल पर 10 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर है।
इस मुकाबले से पहले कार्तिक ने क्रुणाल की तारीफ करते हुए कहा कि वह फिंगर-स्पिन बॉलिंग को एक नई परिभाषा दे रहे हैं। उन्होंने क्रुणाल की नई-नई वेरिएशन और इस कला पर उनकी बढ़ती पकड़ को खास तौर पर सराहा। RCB की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक कार्तिक ने कहा कि बल्लेबाजों के मन में शक पैदा करने और लगातार अच्छे नतीजे देने की क्रुणाल की काबिलियत यह दिखाती है कि एक ऑलराउंडर के तौर पर उनमें कितना सुधार आया है। उन्होंने यह भी कहा कि क्रुणाल का यह असर दिखाता है कि IPL किस तरह इस खेल को बदल रही है।
कार्तिक ने कहा, ‘क्रुणाल पांड्या एक ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें यह खेल लंबे समय तक याद रखेगा। वह फिंगर-स्पिन बॉलिंग की सीमाओं को आगे बढ़ा रहे हैं और ऐसी गेंदें डाल रहे हैं जिनकी कुछ साल पहले तक कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। वह इस कला में माहिर होते जा रहे हैं। उन्हें अच्छी तरह पता है कि बल्लेबाज के मन में शक पैदा करने के लिए अपनी वेरिएशन का इस्तेमाल कब करना है, और ज़्यादातर मौकों पर उन्हें इसका फायदा भी मिलता है। एक ऑलराउंडर के तौर पर जिस तरह से उनमें सुधार आ रहा है, उसका बहुत सारा श्रेय उन्हीं को मिलना चाहिए। IPL क्रिकेट का चेहरा बदल रहा है, और क्रुणाल फिंगर-स्पिन बॉलिंग के लिए भी यही कर रहे हैं।’
खास बात यह है कि क्रुणाल ने मौजूदा IPL सीजन में RCB के लिए एक अहम भूमिका निभाई है। इस ऑलराउंडर ने 7 मैचों में आठ विकेट लिए हैं और RCB के पिछले मैच में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 12 गेंदों में 23 रनों की एक अहम और नाबाद पारी भी खेली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *