अंतरराष्ट्रीय

ईरान-अमेरिका के बीच युद्धविराम बढ़ा, पर जारी रहेगी नाकाबंदी, राष्ट्रपति ट्रंप ने किया ऐलान

डेस्कः खाड़ी क्षेत्र में मंडरा रहे युद्ध के बादलों के बीच एक बड़ी राहत भरी खबर आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी युद्धविराम (सीजफायर) को आगे बढ़ाने का ऐतिहासिक ऐलान किया है। ट्रंप ने यह महत्वपूर्ण कदम मौजूदा सीजफायर की अवधि खत्म होने से महज कुछ घंटे पहले पाकिस्तान के विशेष अनुरोध पर उठाया है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने उनसे व्यक्तिगत रूप से सीजफायर बढ़ाने की गुजारिश की थी। ट्रंप ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि ईरान की सरकार फिलहाल आंतरिक रूप से बंटी हुई है, इसलिए जब तक ईरानी नेता और उनके प्रतिनिधि एकमत होकर कोई ठोस प्रस्ताव लेकर नहीं आते, तब तक अमेरिका उन पर हमला नहीं करेगा। इससे पाकिस्तान को दोनों देशों के बीच बातचीत का एक नया दौर आयोजित करने के लिए जरूरी समय मिल गया है।

सेना को ‘अलर्ट’ रहने के आदेश, नाकेबंदी रहेगी जारी

भले ही युद्ध का तात्कालिक खतरा टल गया हो, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार रहेगी। उन्होंने सेना को निर्देश दिया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में ईरान की नाकेबंदी जारी रखी जाए। इस बीच, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की पाकिस्तान की प्रस्तावित यात्रा को फिलहाल टाल दिया गया है।

पीएम शहबाज ने जताया ट्रंप का आभार

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्रंप के इस फैसले का तहे दिल से स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपनी कूटनीतिक कोशिशें जारी रखेगा। गौरतलब है कि 28 फरवरी को शुरू हुई यह जंग करीब छह हफ्ते तक चली थी, जिसके बाद 8 अप्रैल को पहली बार सीजफायर हुआ था।

संयुक्त राष्ट्र ने किया फैसले का स्वागत

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस कदम को तनाव कम करने की दिशा में ‘अहम’ बताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फैसले से ईरान और अमेरिका के बीच भरोसा बनाने और कूटनीति को आगे बढ़ाने के लिए एक सुरक्षित माहौल तैयार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *