अंतरराष्ट्रीय

PAK PM शहबाज शरीफ ने ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाने के लिए ट्रंप का जताया आभार

डेस्क: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बुधवार को आभार व्यक्त किया और उम्मीद जतायी कि दोनों पक्ष संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक व्यापक शांति समझौते पर पहुंचने में सक्षम होंगे।

युद्धविराम की समाप्ति से एक दिन पहले मंगलवार को ट्रंप ने पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया, जबकि शांति वार्ता के अगले चरण के संबंध में तस्वीर स्पष्ट नहीं है। पाकिस्तान ने वार्ता के अगले दौर की मेजबानी करने की योजना बनाई थी लेकिन ईरान द्वारा बातचीत फिर से शुरू करने के प्रयासों को ठुकराए जाने के बाद व्हाइट हाउस ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की इस्लामाबाद यात्रा रद्द कर दी।

पाकिस्तान ने दूसरे दौर की वार्ता को लेकर अनिश्चितता के कारण युद्धविराम बढ़ाने का आग्रह किया था। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्ला तरार ने मंगलवार को कहा था कि युद्धविराम 22 अप्रैल को सुबह 4:50 बजे (पीएसटी) पर समाप्त होना था। ट्रंप द्वारा युद्धविराम बढ़ाने की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री शरीफ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया।

शरीफ ने कहा, ”मैं अपनी और फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को युद्धविराम बढ़ाने के हमारे अनुरोध को सहर्ष स्वीकार करने के लिए हार्दिक धन्यवाद देता हूं..।” पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा ” जैसा भरोसा और विश्वास जताया गया है, पाकिस्तान बातचीत के जरिए संघर्ष के समाधान के लिए अपने गंभीर प्रयास जारी रखेगा।”
उन्होंने कहा, ”मुझे पूरी उम्मीद है कि दोनों पक्ष युद्धविराम का पालन करते रहेंगे और इस्लामाबाद में होने वाली दूसरे दौर की वार्ता में संघर्ष के स्थायी अंत के लिए एक व्यापक ‘शांति समझौता’ करने में सक्षम होंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *