एक स्वर मे परशुराम जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने की उठी मांग

दरभंगा : अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर लहेरियासराय बलभद्रपुर स्थित ब्रह्मस्थान में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा एवं ब्राह्मण काउंसिल ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में भगवान परशुराम पूजनोत्सव कार्यक्रम का भव्य एवं श्रद्धामय आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने भाग लेकर भगवान परशुराम के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं मंगलाचरण के साथ हुई। इसके उपरांत भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना, पुष्पांजलि एवं आरती संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम से समाज में सुख, शांति, समृद्धि एवं धर्म की स्थापना की कामना की।

इस अवसर पर ब्राह्मण फेडरेशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा नेता उदय शंकर चौधरी ने भगवान परशुराम के जीवन चरित्र, त्याग, तपस्या, शौर्य एवं न्यायप्रियता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान परशुराम केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण सनातन संस्कृति के प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन सत्य, धर्म एवं अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का संदेश देता है। उन्होंने कहा की अक्षय तृतीया जैसे पावन अवसर पर भगवान परशुराम पूजनोत्सव का आयोजन समाज में धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करता है। आने वाली पीढ़ी को भी भगवान परशुराम के आदर्शों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार द्वारा लागू SC/ST एक्ट तथा वर्तमान के UGC कानून को देश विरोधी व सामाजिक समरसता को खंडित करने वाला बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
इस अवसर पर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार झा ने ब्राह्मण समाज के मान, सम्मान और स्वाभिमान पर चतुर्दिक हो रहे आक्रमण सहित सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक व शैक्षणिक आधार पर ब्राह्मणों के साथ हो रहे भेदभाव पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसके विरुद्ध एकजुटता के साथ लड़ने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा की आज सुनियोजित षड्यंत्र के तहत ब्राह्मणों के अस्तित्व को कमजोर कर उन्हें हाशिए पर धकेलने का प्रयास किया जा रहा है, जो किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। इसलिए आज आवश्यकता है कि समाज अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर शिक्षा, संगठन और जागरूकता के माध्यम से आगे बढ़े तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक और सशक्त भूमिका निभाए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना, ब्राह्मण काउंसिल आफ इंडिया के जिला अध्यक्ष गगन कुमार झा,कार्यक्रम संयोजक शंकर मिश्र,सह संयोजक डॉ आनंद प्रकाश झा,हरिओम झा,नीरज चौधरी, पंकज झा लालबाबू चौधरी,अजय मिश्रा, विश्वजीत झा, सुमन जी झा, सुबोध चौधरी,बिट्टू झा दिलीप कुमार झा, देव कुमार झा,मुकुंद चौधरी, मृत्युंजय झा,धर्मेंद्र मिश्र,संजीत ठाकुर, रामाशंकर प्रसाद ठाकुर, प्रेम कुमार मिश्र,डॉ संजीव झा,आशुतोष झा,विकास विवेक चौधरी,प्रेम कुमार मिश्रा रिंकू,पारसनाथ चौधरी,मनोज कुँवर, नवीन चौधरी, राजकुमार झा, पृथवी राज चौधरी,सहित सैकड़ो बुद्धिजीवी उपस्थित थे।

