दरभंगा (नासिर हुसैन) : प्रमण्डलीय पार्षद महासंघ, दरभंगा प्रमंडल की ओर से बिहार सरकार के नगर विकास विभाग के मंत्री नितिन नवीन के दरभंगा नगर निगम में पहुँचने पर उन्हें महासंघ की ओर से एक मांग-पत्र सौंपा गया। यह मांग-पत्र दरभंगा प्रमंडल के निकाय क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निदान एवं सभी पार्षदों के सम्मान से संबंधित है। नगर विकास विभाग के मंत्री के नगर निगम पहुंचने पर महासंघ की ओर से उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया। संघ के अध्यक्ष सह वार्ड-13 के पार्षद राजीव रौशन व कोषाध्यक्ष सह वार्ड-37 के पार्षद रियासत अली ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि मंत्री उनकी मांगों को शीघ्र पूरा करेंगे। उन्होंने बताया कि मांग-पत्र में सभी नगर निकायों के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की शीघ्र पूर्णता, संवेदक या एजेंसी द्वारा पूर्ण किए गए कार्यों का प्रमाण-पत्र पार्षद से लेने की
अनिवार्यता, पार्षद फंड की वार्षिक राशि एक करोड़ तक सुनिश्चित करना, पार्षदों को भत्ता के रूप में दी जानेवाली राशि में सम्मानजनक वृद्धि, शहर में दो दशक से बेतरतीब ढंग से लचर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की गहन जांच और तुरंत समयबद्ध जल आपूर्ति की व्यवस्था, अभियंता व कर्मी आदि की प्रतिनियुक्ति और बहाली आदि विषय सम्मिलित हैं।
इस दौरान वार्ड-21 के पार्षद नवीन कुमार सिन्हा, वार्ड-41 के पार्षद शंकर प्रसाद जायसवाल, वार्ड-9 के पार्षद राकेश पासवान, वार्ड-48 के पार्षद सुभाष कुमार सौरभ, वार्ड-19 के पार्षद रवि रोहन, वार्ड-17 के पार्षद विकास कुमार, वार्ड-11 के पार्षद सोनी पूर्वे एवं पार्षद ज्योति कुमारी की मौजूदगी रही।