
दरभंगा। संस्कृत विश्वविद्यालय में 22 अप्रैल को प्रस्तावित 49 वीं अधिषद् (सीनेट) की बैठक को सफल बनाने के लिए करीब दर्जन भर समितियों का गठन किया गया है। समिति के संयोजकों को प्रत्येक दिन चार बजे कुलपति के समक्ष अद्यतन जानकारी के साथ विमर्श हेतु उपस्थित होने का भी निर्देश दिया गया है। साथ ही समिति के सभी सदस्यों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने अपने संयोजकों के सम्पर्क में निरंतर बने रहे। वहीं, विश्वविद्यालय के शिक्षकेत्तर कर्मचारियों से भी अनुरोध किया गया है कि सीनेट को सफल बनाने में पूर्ण मनोयोग से सहयोग करें। इस संबंध में जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कुलपति, प्रो.लक्ष्मी निवास पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी समितियों का गठन किया गया है। सभी समितियो के जिम्मे कार्यों की जिम्मेदारी दी गयी है। बताया गया के समन्वय एवं सामान्य पर्यवेक्षण, सीनेट हॉल (दरबार हॉल) मंच अलंकरण,स्वागत सम्मान, फोटोग्राफी और विडियोग्राफी की व्यवस्था,वैदिक मंगलाचरण, वेदपाठी दल, कुलाधिपति महोदय का नाश्ता एवं भोजन, मान्य अधिषद् सदस्यों का नाश्ता एवं भोजन,पत्रकारों के प्रवेश पत्र निर्गत हेतु,सीनेट सदस्यों की उपस्थिति एवं यात्रा भत्ता,
कर्मियों का प्रवेश एवं अधिषद् सदस्यों का बैच निर्माण एवं वितरण, सीनेट हॉल, मुख्य भवन एवं परिसर की साफ सफाई एवं रंग रोगन समेत अन्य व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए मुखयतः समितियां बनाई गई हैं। सभी समितियां समन्वय स्थापित कर कार्य कर रही है। मालूम हो प्रस्तावित सीनेट की बैठक में माननीय कुलाधिपति सह राज्यपाल की भी गरिमामय उपस्थिति रहेगी। उन्होंने आगमन की सहमति पहले ही दे दी है।
