डेस्क: आईपीएल 2026 (IPL 2026) में सबकुछ आश्चर्यजनक हो रहा है. ऐसा लग रहा है कि यह सीजन पूर्व चैंपियन टीमों (Former Champion Teams) के लिए बुरा समय लेकर आया है. तीन फ्रेंचाइजियों के प्रदर्शन को देखकर तो यही कहा जा सकता है. आईपीएल 2026 के सीजन में तीन पूर्व चैंपियन टीमें चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK), गुजरात टाइटंस (GT) और कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) जीत के लिए संघर्ष कर रही हैं. अंक तालिका में तो चेन्नई और गुजरात का खाता भी नहीं खुला है. कोलकाता के खाते में एक अंक जुड़ा है, लेकिन वह भी बारिश के कारण उसे मिला है.
कोलकाता की टीम ने पंजाब किंग्स के खिलाफ सोमवार (6 अप्रैल) को खराब शुरुआत की थी. उसने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे. ओपनर फिन एलन और 25.20 करोड़ रुपये में खरीदे गए कैमरन ग्रीन फिर से फेल हो गए. एलन 6 और ग्रीन 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. 3.4 ओवर में जब कोलकाता का स्कोर 2 विकेट पर 25 रन था तो बारिश ने खलल डाल दिया. इसके बाद बारिश नहीं रुकी और मैच को रद्द घोषित कर दिया.
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जिसने विशेषज्ञों को हैरान कर दिया. खराब मौसम की भविष्यवाणी और पिच के ढके होने के बावजूद उन्होंने परिस्थितियों के बजाय आंकड़ों को महत्व दिया. पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर इस फैसले से खुश दिखे क्योंकि भारी परिस्थितियों में गेंदबाजी करना ज्यादा फायदेमंद नजर आ रहा था.
बारिश ने केकेआर को निश्चित हार से बचा लिया?
जब केकेआर संकट में थी, तभी तेज बारिश ने मैच में दखल दिया. लगातार मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका और मैच बेनतीजा रहा. इस रद्द हुए मैच ने केकेआर को एक महत्वपूर्ण अंक दिला दिया, जो लगातार दो हार के बाद उनके लिए किसी तोहफे से कम नहीं था. इस अंक के साथ पंजाब किंग्स तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है. कोलकाता उन पूर्व चैंपियन टीमों में एक है जिसे अब तक इस सीजन में एक भी जीत नहीं मिली है. फ्रेंचाइजी को इससे पहले दो मैचों में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था.
चेन्नई सुपरकिंग्स की भी हालत खराब
चेन्नई सुपरकिंग्स की हालत भी चिंताजनक है, जहां ऋतुराज गायकवाड़ पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. 5 बार की चैंपियन चेन्नई को पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स, दूसरे मैच में पंजाब किंग्स और तीसरे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार मिली है. कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने गायकवाड़ के शांत स्वभाव की तुलना धोनी से की है, लेकिन टीम की डेथ ओवर गेंदबाजी एक बड़ी समस्या बनी हुई है. चेन्नई अपने खिलाड़ियों की चोट और खराब फॉर्म से जूझ रही है. आरसीबी के खिलाफ मैच में चेन्नई ने अंतिम 4 ओवरों में 78 रन लुटाए, जिसमें जेमी ओवर्टन के एक ओवर में टिम डेविड ने 30 रन बटोरे थे.
शुभमन गिल की टीम भी परेशान
2022 की चैंपियन गुजरात टाइटंस भी दोनों मैच हार चुकी है. उसे पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ने परास्त किया है. शुभमन गिल की कप्तानी और आशीष नेहरा की कोचिंग का कमाल अब तक देखने को नहीं मिल रहा है. गिल के फॉर्म और मध्यक्रम के निराशाजनक प्रदर्शन ने टीम मैनेजमेंट को चिंता में डाल दिया है. गिल ने हमेशा गुजरात के लिए रन बनाए हैं, लेकिन इस बार वह आउट ऑफ फॉर्म दिख रहे हैं. अगर यह लंबे समय तक रह गया तो टीम के लिए परेशानी और ज्यादा बढ़ जाएगी.
