राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पश्चिम बंगाल बड़ी चेतावनी, 4 मई के बाद टीएमसी के हर पाप का होगा हिसाब

डेस्क:पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कूचबिहार में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कूचबिहार में उमड़ा जनसैलाब इस बात का सबूत है कि बंगाल में अब टीएमसी का समय समाप्त हो चुका है। प्रधानमंत्री ने कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड की रैली का जिक्र करते हुए कहा, ‘वहां से शुरू हुआ परिवर्तन का महाअभियान अब पूरे बंगाल में फैल चुका है। ब्रिगेड ग्राउंड के उत्साह ने टीएमसी के ‘सिंडिकेट’ को डरा दिया है और आज कूचबिहार की जनता ने उस बदलाव पर अपनी मुहर लगा दी है।’

TMC के भय बनाम BJP के भरोसे की लड़ाई
पीएम मोदी ने टीएमसी और भाजपा के बीच के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि एक तरफ टीएमसी का डर है, तो दूसरी तरफ भाजपा का भरोसा। उन्होंने कहा, ‘एक ओर टीएमसी के ‘कटमनी’ और भ्रष्टाचार का आतंक है, तो दूसरी ओर विकास की रफ्तार वाली भाजपा की गारंटी। एक ओर घुसपैठियों को बसाने की साजिश है, तो दूसरी ओर उन्हें बाहर निकालकर बंगाल को सुरक्षित करने का हमारा संकल्प है।’4 मई के बाद होगा पाई-पाई का हिसाब
संदेशखाली की घटना का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने भावुक लहजे में कहा कि एक तरफ बेटियों पर अत्याचार और उनकी चीखें हैं, तो दूसरी तरफ नारी शक्ति को सुरक्षा और सम्मान देने वाली मोदी की गारंटी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘मैं आपको भरोसा देता हूं कि चुनाव के बाद इनके हर पाप का हिसाब होगा। 4 मई के बाद कानून अपना काम करेगा और चाहे कोई कितना भी बड़ा गुंडा क्यों न हो, न्याय होकर रहेगा।’ लोकतंत्र को लहूलुहान कर रही है ममता सरकार
प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने बंगाल की कानून-व्यवस्था का जनाजा निकाल दिया है और जिस बंगाल में कभी लोग रोजगार की तलाश में आते थे, आज उसे पलायन का केंद्र बना दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *