डेस्क: निर्देशक आदित्य धर (Director Aditya Dhar) की फिल्म ‘धुरंधर 2’ (film Dhurandhar 2) बॉक्स ऑफिस (Box Office) पर लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है। रिलीज के बाद से ही फिल्म शानदार कमाई कर रही है और वीकेंड आते ही इसके कलेक्शन में और तेजी देखने को मिली। फिल्म ने अब वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में केजीएफ: चैप्टर 2 को भी पीछे छोड़ दिया है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
11 दिनों में लगातार बढ़ती रफ्तार
19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘धुरंधर 2’ ने पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर दमदार शुरुआत की थी। इसके बाद फिल्म की कमाई में लगातार इजाफा होता गया। पहले हफ्ते में ही इसने 674.17 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था। इसके बाद भी फिल्म की रफ्तार थमी नहीं और नौवें दिन 41.75 करोड़ रुपये, दसवें दिन 62.85 करोड़ रुपये और 11वें दिन 68.10 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई। इस तरह फिल्म का कुल कलेक्शन 846.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो इसे साल की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल करता है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन में बनाया नया रिकॉर्ड
‘धुरंधर 2’ का जलवा सिर्फ भारतीय बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनियाभर में भी यह फिल्म शानदार प्रदर्शन कर रही है। महज 11 दिनों में फिल्म ने 1361.95 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है। इसी के साथ इसने केजीएफ: चैप्टर 2 के लगभग 1250 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है और एक नया मुकाम हासिल किया है।
पहले पार्ट को भी छोड़ा पीछे
इस फिल्म ने अपने पहले पार्ट ‘धुरंधर’ के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। पिछले साल रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 840.20 करोड़ रुपये की कमाई की थी और वह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी हुई थी। हालांकि, ‘धुरंधर 2’ ने 11वें दिन ही इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए खुद को देश की सबसे बड़ी फिल्म के रूप में स्थापित कर लिया है।
‘उस्ताद भगत सिंह’ नहीं दिखा पाई असर
इसी दिन रिलीज हुई उस्ताद भगत सिंह, जिसमें पवन कल्याण मुख्य भूमिका में हैं, बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई। फिल्म केवल तेलुगु भाषा में रिलीज हुई और 11वें दिन इसने 1.03 करोड़ रुपये की कमाई की। अब तक इसका कुल कलेक्शन 69.94 करोड़ रुपये ही हो पाया है।
