अंतरराष्ट्रीय

ईरान ने US को भेजा कीमती गिफ्ट, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा, बोले- समझौता करना चाहता है तेहरान

डेस्क: मिडिल ईस्ट (Middle East) में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति (US President) डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने एक चौंकाने वाला दावा किया है. उन्होंने कहा कि ईरान (Iran) ने अमेरिका को एक बहुत बड़ा गिफ्ट (Valuable Gift) दिया है, जो स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से जुड़ हुआ है. हालांकि, उन्होंने इस गिफ्ट के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी.

ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा,’ उन्होंने (ईरान) हमें एक गिफ्ट दिया है और वह आज पहुंचा है. यह बहुत बड़ा है और इसकी कीमत बहुत ज्यादा है. यह परमाणु से जुड़ा नहीं है, बल्कि तेल और गैस से जुड़ा है. उन्होंने ऐसा करके बहुत अच्छा काम किया है.’
बता दें कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में वैश्विक ऊर्जा सप्लाई लेकर समुद्री जहाज गुजरते हैं. ऐसे में यहां किसी भी तरह की हलचल का असर पूरी दुनिया के तेल बाजार पर पड़ता है. पिछले कुछ महीनों में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण इस इलाके में अस्थिरता बढ़ी है.

हाल ही में ईरान ने इस रास्ते पर नाकाबंदी जैसे हालात कर दिए हैं. साथ ही कई देशों के जहाजों को निशाना बनाया है, जिससे तेल और गैस से भरे हजारों जहाज समुद्र में फंसे हैं. ऐसे में दुनियाभर में तेल और गैस की किल्लत होने लगी है. इसके तमाम देशों में तेल और गैस की कीमतों में उछाल आया है.

‘ईरान भी डील करना चाहता है’

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है. उनका दावा है कि ईरान अब समझदारी की बात कर रहा है और समझौते के लिए तैयार है. उन्होंने कहा, ‘हम अभी बातचीत कर रहे हैं. वह (ईरान) भी डील करना चाहता है. अमेरिकी अधिकारी तेहरान में सही लोगों से संपर्क में हैं.’
उन्होंने बताया कि जेडी वेंस और मार्को रुबियो जैसे बड़े नेता इन वार्ताओं का हिस्सा हैं. ट्रंप का मानना है कि ईरान अब युद्ध खत्म करना चाहता है और वे एक बड़ा समझौता करने के बेहद करीब हैं. हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि क्या अमेरिकी प्रतिनिधि इस हफ्ते कोई औपचारिक बातचीत करने वाले हैं या नहीं.

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान ने मान लिया है कि वह कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा. उन्होंने कहा, ‘हमने साफ कहा कि उन्हें परमाणु हथियार नहीं रखना है, और उन्होंने इस बात को मान लिया है.’

ट्रंप ने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि अमेरिका यह युद्ध पहले ही जीत चुका है. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ इस बात से निराश थे कि यह अभियान इतनी तेजी से कैसे निपट गया. उन्होंने कहा, ‘पीट नहीं चाहते थे कि यह मामला इतनी जल्दी सुलझ जाए.’

ट्रंप ने ईरान में रेजीम चेंज की बात भी कही

इसके साथ ही ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना तेहरान के ऊपर खुले तौर पर घूम रही है और अमेरिका को इस जंग में जबरदस्त सफलता मिल रही है. उन्होंने यहां तक कहा कि ईरान में अब नए नेतृत्व की स्थिति बन रही है और इसे रेजीम चेंज की तरह भी देखा जा सकता है. क्योंकि उनके पुराने नेता अब प्रभावी नहीं रहे.

ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका ने एक बड़े बिजली संयंत्र पर हमला करने की योजना बनाई थी, लेकिन बातचीत को ध्यान में रखते हुए उसे रोक दिया गया. उन्होंने कहा, ‘हम एक बहुत बड़े पावर प्लांट को निशाना बना सकते थे, लेकिन बातचीत के चलते हमने ऐसा नहीं किया.’

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान के पास अब ज्यादा एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम और मिसाइलें नहीं बची हैं. उनका कहना है कि अमेरिका इस संघर्ष में मजबूत स्थिति में है. साथ ही उन्होंने सऊदी अरब यूएई और कतर की तारीफ करते हुए कहा कि इन देशों ने ईरान के मुद्दे पर अच्छा सहयोग किया है.
हालांकि, ईरान की तरफ से अब तक ट्रंप के इन दावों पर कोई साफ प्रतिक्रिया नहीं आई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *