डेस्क: अगले माह से शुरू हो रही चारधाम यात्रा (Chardham Yatra) में केदारनाथ (Kedarnath) व बदरीनाथ (Badrinath) धाम में विशेष पूजा करना महंगा होगा। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) (Kedarnath-Badrinath Shrines) ने पूजा शुल्क में बढ़ोतरी (Increase Worship fees) कर नई दरें तय कर दी हैं। बदरीनाथ धाम में श्रीमद भागवत कथा कराने के शुल्क में दोगुनी वृद्धि की गई। इसे 51 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है। जबकि केदारनाथ धाम में दिन भर की पूजा के लिए 51 हजार रुपये शुल्क देना पड़ेगा। जो पहले 28,600 रुपये था।
चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं से बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में सामान्य दर्शन करने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है, लेकिन दोनों धामों में विशेष पूजा के लिए श्रद्धालुओं को बुकिंग करानी पड़ती है। बीकेटीसी की ओर से विशेष पूजा व सुबह-शाम होने वाली आरती के लिए शुल्क लिया जाता है। इस बार बीकेटीसी ने पूजा शुल्क में बढ़ोतरी कर नई दरें तय कर दी है। बीते दिनों बीकेटीसी की बोर्ड बैठक में पूजा शुल्क बढ़ाने के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बदरीनाथ में 37 व केदारनाथ में 46 तरह की पूजाएं
बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में सुबह-शाम कई तरह की आरती होती है। इसके अलावा महाभिषेक, अभिषेक के साथ भोग व अन्य पूजाएं होती है। बीकेटीसी की विशेष पूजा के लिए बदरीनाथ धाम में 37 व केदारनाथ धाम में 46 तरह की पूजाएं शामिल हैं। इन पूजाओं के लिए शुल्क लिया जाता है।
हर साल की तरह इस बार भी बीकेटीसी की बोर्ड बैठक के निर्णय के बाद विशेष पूजा के लिए शुल्क की नई दरें निर्धारित की गई हैं। यह दरें आगामी चारधाम यात्रा से लागू होंगी। दोनों धामों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता है।- हेमंत द्विवेदी, अध्यक्ष बीकेटीसी
