अंतरराष्ट्रीय

विदेश मंत्री ने एफटीए को बताया भारत-ईयू रिश्तों का टर्निंग पॉइंट, ब्रुसेल्स में हुई अहम बैठक

डेस्क: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ब्रुसेल्स दौरे के दौरान यूरोपीय संघ (EU) के शीर्ष नेताओं और विदेश मंत्रियों के साथ व्यापक बातचीत की। इस दौरान हाल ही में अंतिम रूप दिए गए भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को द्विपक्षीय संबंधों में टर्निंग पॉइंट बताया गया।

जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने ईयू फॉरेन अफेयर्स काउंसिल के सदस्यों से मुलाकात की, साथ ही यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और ईयू की विदेश व सुरक्षा नीति प्रमुख काजा कैलास के साथ भी चर्चा की। इसके अलावा कई देशों के समकक्ष मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी हुईं।

उन्होंने कहा कि एफटीए से भारत और ईयू के बीच विशाल आर्थिक संभावनाओं के द्वार खुलेंगे और यह साझेदारी को नई रणनीतिक दिशा देगा। जयशंकर ने जोर दिया कि इस समझौते के वास्तविक लाभ जमीन पर उतारने के लिए दोनों पक्षों को व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय सहयोग करना होगा।

तकनीकी सहयोग पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल (TTC) को और प्रभावी बनाकर अत्याधुनिक और महत्वपूर्ण तकनीकों में साझेदारी को मजबूत किया जा सकता है। सप्लाई चेन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि जोखिम कम करना और लचीलापन बढ़ाना दोनों पक्षों का साझा लक्ष्य है, और FTA से गहरे व्यापारिक संबंध विकसित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *