डेस्क: अमेरिकी सेना (US military) का एक रिफ्यूलिंग विमान (refueling plane) इराक (Iraq) में क्रैश(crashed) हो गया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि ईरान में जारी जंग के बीच उनका KC-135 रिफ्यूलिंग विमान क्रैश हो गया. इस विमान में पांच क्रू मेंबर सवार थे.
सेना ने जारी बयान में कहा कि कुल दो विमान थे, जिसमें से एक विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई जबकि दूसरा विमान क्रैश हो गया. सेना ने कहा कि यह हादसा ना तो दुश्मन की गोलीबारी से हुआ और ना ही फ्रेंडली फायर की वजह से. फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और जांच की जा रही है.
बयान में कहा गया कि यह घटना ऑपरेशन ‘एपिक फ्यूरी’ के दौरान फ्रेंडली हवाई क्षेत्र में हुई और बचाव अभियान जारी है. यह ऑपरेशन ईरान को निशाना बनाने वाली अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का हिस्सा है.
बता दें कि अमेरिका का यह KC-135 विमान लंबी दूरी के अभियानों के दौरान लड़ाकू विमानों और अन्य सैन्य विमानों में हवा में ही ईंधन भरने के लिए इस्तेमाल किया जाता था.
हाल के दिनों में अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर ईरान के खिलाफ मध्य पूर्व में बड़ी संख्या में अपने विमान तैनात किए हैं. यह ऑपरेशन 28 फरवरी को उस समय शुरू हुआ, जब अमेरिकी और इजराइली बलों ने ईरानी ठिकानों पर हमले किए. इसके बाद यह जंग एक व्यापक क्षेत्रीय सैन्य ऑपरेशन में तब्दील हो गई.
विमान दुर्घटना ऐसे समय हुई है जब इस संघर्ष में हताहतों की संख्या लगातार बढ़ रही है. हमलों की शुरुआत के बाद से अब तक सात अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है. ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल युद्ध में करीब 150 अमेरिकी सैनिक घायल भी हुए हैं.
