अन्य

मिस इंडिया अर्थ 2019 सायली सुर्वे ने हिंदू धर्म में की वापसी, पति पर लगाए प्रताड़ना और ‘लव जिहाद’ जैसे गंभीर आरोप

पुणे | मिस इंडिया अर्थ 2019 की विजेता सायली सुर्वे ने अपने वैवाहिक जीवन को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रेम विवाह के बाद उन्हें वर्षों तक मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। इन परिस्थितियों से तंग आकर उन्होंने दोबारा हिंदू धर्म अपना लिया है।

पिंपरी-चिंचवड़ की रहने वाली सायली सुर्वे ने साल 2019 में मीरा-भाईंदर के मुस्लिम कारोबारी आतिफ तासे से लव मैरिज की थी। निकाह के लिए उन्होंने इस्लाम धर्म स्वीकार किया था और उनका नाम बदलकर अतेज़ा तासे रखा गया था। उस समय परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया था, लेकिन सायली ने अपनी मर्जी से शादी की थी।

मीडिया से बातचीत में सायली ने इस शादी को अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती बताया। उन्होंने कहा कि शादी के कुछ समय बाद ही रिश्ते में तनाव और दुर्व्यवहार शुरू हो गया था। उनके मुताबिक उन्हें लगातार अपमानित किया जाता था और कई बार मारपीट भी सहनी पड़ी।

सायली चार बच्चों की मां हैं। उनका कहना है कि बच्चों की वजह से उन्होंने लंबे समय तक इस रिश्ते को निभाने की कोशिश की, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर कई धार्मिक प्रथाएं अपनाने का दबाव भी डाला जाता था और उन्हें जबरन नमाज़ पढ़ने के लिए कहा जाता था।

आखिरकार बच्चों के भविष्य और अपनी सुरक्षा को देखते हुए सायली ने यह कदम उठाने का फैसला किया। पुणे में विधिवत पूजा-पाठ और हवन के बाद उन्होंने फिर से हिंदू धर्म ग्रहण किया और अपना नाम बदलकर आद्या सुर्वे रख लिया।

सायली ने यह भी बताया कि उन्होंने अपने बच्चों के नाम भी बदल दिए हैं ताकि उन्हें अपनी धार्मिक पहचान के बारे में स्पष्टता रहे। इस मामले में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और कहा है कि उनके पास अपने आरोपों से जुड़े कई सबूत मौजूद हैं।

भावुक होते हुए सायली ने कहा कि उनके पास बताने के लिए बहुत कुछ है, लेकिन वह किसी की निजी जिंदगी को नीचा दिखाने के लिए सबूतों का इस्तेमाल नहीं करना चाहतीं। उन्होंने ऐसी परिस्थितियों से गुजर रही अन्य महिलाओं से भी आगे आने और अपनी आवाज उठाने की अपील की है।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *