डेस्क:लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपनी केरल यात्रा के दौरान एक बार फिर अपने चिर-परिचित ‘जन-संपर्क’ वाले अंदाज में नजर आए। शनिवार सुबह, तिरुवनंतपुरम रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने इडुक्की जिले के पीरुमाडे में स्थित ग्लेमेरी एस्टेट में चाय बागान की महिला श्रमिकों के साथ समय बिताया। जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी हेलीकॉप्टर से रवाना होने के लिए जा रहे थे। रास्ते में जब उन्होंने चाय के बागानों में महिलाओं के एक समूह को काम करते देखा, तो उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाने का निर्देश दिया। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल और सांसद डीन कुरियाकोस भी मौजूद थे। राहुल गांधी ने महिला श्रमिकों से बातचीत की और उनके मेहनताने एवं चाय की पत्तियां तोड़ने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। महिला कामगारों ने कांग्रेस नेता को अपने काम के बारे में समझाया और उन्हें दिखाया कि चाय की पत्तियां तोड़ने वाली मशीन का उपयोग कैसे किया जाता है। बातचीत के बाद राहुल ने वहां से रवाना से पहले श्रमिकों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। राहुल छात्रों से बातचीत करने के लिए शुक्रवार को कुट्टिक्कानम स्थित मरियन कॉलेज पहुंचे थे। वह शुक्रवार रात पीरुमाडे के एक रिसॉर्ट में रुके थे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए शनिवार सुबह तिरुवनंतपुरम रवाना हुए।
