अंतरराष्ट्रीय

ईरान पर बम बरसा रहे डोनाल्ड ट्रंप, अब संयुक्त राष्ट्र की अध्यक्षता करेंगी अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी मेलानिया, जानें वजह

डेस्क: ईरान पर अमेरिका और इजरायल लगातार हवाई हमले कर रहा है। ईरान भी इन हमलों का जवाब दे रहा है। इन सब के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी एवं प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की एक बैठक की अध्यक्षता करेंगी, जिसमें संघर्ष में फंसे बच्चों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

ऐसा करने वाली पहली महिला होंगी मेलानिया

संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि वह वैश्विक संस्था के सबसे शक्तिशाली निकाय में अध्यक्ष का पद संभालने वाली ऐसी पहली महिला होंगी, जो विश्व के किसी नेता की पत्नी हैं। राष्ट्रपति ट्रंप की पत्नी को यह अवसर इसलिए दिया गया है क्योंकि अमेरिका मार्च महीने के लिए परिषद की अध्यक्षता संभाल रहा है। अतीत में, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री अक्सर अध्यक्षता करते रहे हैं।

युद्ध शुरू होने से पहले निर्धारित की गई थी बैठक

सोमवार की बैठक, जो शनिवार को युद्ध शुरू होने से पहले ही निर्धारित की गई थी। इसका आधिकारिक शीर्षक ‘संघर्ष में बच्चे, प्रौद्योगिकी और शिक्षा’ है। अमेरिका की प्रथम महिला के कार्यालय ने कहा कि यह बैठक ‘सहिष्णुता और विश्व शांति को बढ़ावा देने में शिक्षा की भूमिका पर जोर देगी।’

खामेनेई के मारे जाने के बाद हमले और तेज

बता दें कि मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं। शनिवार (28 फरवरी) से शुरू हुई इस सैन्य कार्रवाई में अब तक तेहरान सहित कई शहरों पर दर्जनों हमले हो चुके हैं, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई समेत कई शीर्ष नेता मारे जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *