अन्य

राज्यसभा चुनाव 2026: तृणमूल कांग्रेस ने घोषित किए 4 उम्मीदवार, राजीव कुमार और कोयल मल्लिक चौंकाने वाले नाम

कोलकाता | 27 फरवरी 2026

ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने आगामी राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने चार नामों की घोषणा की है, जिनमें प्रशासन, राजनीति, कानून और फिल्म जगत से जुड़े चेहरे शामिल हैं।

टीएमसी ने जिन उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, उनमें पूर्व डीजीपी राजीव कुमार, राज्य मंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो, सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ वकील मेनका गुरुस्वामी और टॉलीवुड अभिनेत्री कोयल मल्लिक शामिल हैं।

रणनीतिक संतुलन का संदेश

पार्टी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए उन्हें बधाई दी गई और कहा गया कि ये सभी नेता तृणमूल की विरासत को आगे बढ़ाते हुए देशवासियों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के संकल्प को मजबूत करेंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले टीएमसी ने सामाजिक और पेशेवर विविधता का संतुलन साधने की कोशिश की है। राजीव कुमार का नाम प्रशासनिक अनुभव का प्रतिनिधित्व करता है, वहीं कोयल मल्लिक की उम्मीदवारी को ग्लैमर और जनसंपर्क के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

बाबुल सुप्रियो और मेनका गुरुस्वामी भी सूची में

बाबुल सुप्रियो पहले केंद्र में मंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में राज्य सरकार में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वहीं मेनका गुरुस्वामी सुप्रीम कोर्ट की जानी-मानी वकील हैं और संवैधानिक मामलों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।

चारों नामों की घोषणा को टीएमसी का ‘मास्टरस्ट्रोक’ माना जा रहा है, क्योंकि इसमें प्रशासनिक अनुभव, कानूनी विशेषज्ञता, राजनीतिक पहचान और सांस्कृतिक प्रभाव का समावेश दिखाई देता है। अब राज्यसभा चुनाव में इन उम्मीदवारों के प्रदर्शन पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *