डेस्क: पाकिस्तान (Pakistan) में मंगलवार को आतंकियों (terrorist) ने दो अलग-अलग हमलों को अंजाम देकर सुरक्षा बलों (security forces) को एक बार फिर चुनौती दी. इन हमलों में कुल 11 लोगों की जान चली गई, जिनमें बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी शामिल हैं. पहला हमला पंजाब (Punjab) प्रांत में आत्मघाती विस्फोट के रूप में हुआ, जबकि दूसरा हमला खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) में पुलिस वाहन को निशाना बनाकर किया गया.
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के भक्कर जिले में दज्जाल इंटर-स्टेट चेक पोस्ट को निशाना बनाकर एक आत्मघाती हमला किया गया, जिसमें कम से कम चार पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई. घटनास्थल से सामने आए वीडियो फुटेज में हमले के आत्मघाती होने की पुष्टि हुई है. इस हमले की जिम्मेदारी अंसार-उल-इस्लाम नामक आतंकी संगठन ने ली है.
हमलावर की पहचान अबू दर्दा के रूप में की गई है. पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, यह पहला मौका है जब अंसार-उल-इस्लाम ने इस तरह के हमले की जिम्मेदारी ली है. अतीत में अंसार-उल-इस्लाम को खैबर क्षेत्र में सक्रिय एक बरेलवी चरमपंथी संगठन के रूप में जाना जाता था, जिसकी अगुवाई पीर सैफुर रहमान करता था.
खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस वाहन पर हमला
इससे पहले दिन में उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट इलाके में आतंकियों ने एक पुलिस वाहन पर हमला कर दिया. पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने बताया कि इस हमले में पांच पुलिसकर्मी, जिनमें एक वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल है, मारे गए. इसके अलावा दो आम नागरिकों की भी जान चली गई. लगातार हो रहे इन हमलों से पाकिस्तान में सुरक्षा हालात को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ गई हैं. सुरक्षा एजेंसियों ने प्रभावित इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और हमलावरों की तलाश जारी है.
