अंतरराष्ट्रीय

Trump की अहम शर्तों को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है ईरान, अमेरिका ने कर दी है भारी घेराबंदी

डेस्क। अमेरिका और ईरान के बीच जंग की संभावना लगातार बढ़ गई है। इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप के देश अमेरिका ने बड़ा कदम उठा लिया है। खबरों के अनुसार, अमेरिका ने अब मध्य पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी अचानक बढ़ा दी है। गत 24 घंटे में 50 से अधिक लड़ाकू विमानों की तैनाती अमेरिका ने कर दी है।

अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर जारी नई कूटनीतिक बातचीत के बीच ये चौंकाने वाला कदम उठाया गया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, ये तैनाती क्षेत्र में हवाई और नौसैनिक ताकत को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है। खबरों के मुताबिक, एफ-22, एफ-35 और एफ-16 जैसे आधुनिक लड़ाकू विमान मध्य पूर्व की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। वहीं कई हवाई ईंधन भरने वाले टैंकर भी भेजे गए हैं। इस कदम से संकेत मिल रहा है कि  अमेरिकी सेना लंबे समय तक सैन्य अभियान चलाने की तैयारी कर रही है।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने दिया ये बड़ा बयान

खबरों के अनुसार, स्विट्जरलैंड के जिनेवा में हुई ताजा वार्ता के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस दौरान बताया कि ईरान अब तक राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा तय की गई अहम शर्तों को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हुआ है।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने ये भी कहा कि ट्रंप ने कुछ ‘रेड लाइन्स’ तय की हैं, जिन्हें ईरान अभी स्वीकार करने को तैयार नहीं है। आपको बता दें कि अभी अमेरिका और ईरान के बीच स्विट्जरलैंड के जिनेवा में परमाणु कार्यक्रम को लेकर अप्रत्यक्ष बातचीत का दूसरा दौर चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *