खेल

T20 World Cup | ICC का बड़ा फैसला! भारत में खेलने से इनकार पर Bangladesh को नहीं मिलेगी कोई सजा, भविष्य के टूर्नामेंट की मेजबानी भी मिली

डेस्क: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के खिलाफ किसी भी तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई न करने का निर्णय लेकर क्रिकेट जगत के मौजूदा तनाव को कम कर दिया है। सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में ICC ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा कारणों से भारत में टी20 विश्व कप मैच खेलने से इनकार करने के बावजूद बांग्लादेश पर कोई आर्थिक या प्रशासनिक दंड नहीं लगाया जाएगा।

आईसीसी ने कहा कि बीसीबी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के प्रति एकजुटता दिखाते हुए 15 फरवरी को भारत के खिलाफ विश्व कप का मैच खेलने से इनकार किया था। आईसीसी ने एक बयान में कहा ,‘‘ इस पर रजामंदी बनी है कि मौजूदा मसले के संदर्भ में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर किसी तरह का आर्थिक, खेलसंबंधी या प्रशासनिक दंड नहीं लगाया जायेगा।’’

इसमें कहा गया ,‘‘ बीसीबी को विवाद निपटान समिति के पास जाने का अधिकार है। आईसीसी के मौजूदा नियमों के तहत यह अधिकार बरकरार है।’’ आईसीसी ने कहा कि उसका नजरिया निष्पक्षता और समानता के सिद्धांतों पर आधारित है और यह सजा देने के बजाय मदद करने के साझा मकसद को दिखाता है। आईसीसी ने यह भी कहा कि बांग्लादेश को 2028 से 2031 के बीच में एक आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी दी जायेगी।

सुरक्षा कारणों से हटा था बांग्लादेश

गौरतलब है कि सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए बांग्लादेश ने भारत में मैच खेलने से मना कर दिया था, जिसके बाद उनकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया। ICC के इस लचीले रुख को वैश्विक क्रिकेट कूटनीति में एक बड़े “शांति प्रयास” के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *