आंध्रप्रदेश में इन दिनों मंदिरों में यूज होने वाले घी को लेकर बवाल मचा हुआ है. विपक्ष सरकार पर और सरकार विपक्ष पर कई गंभीर आरोप लगा रही है. इसी कड़ी में विशाखापत्तनम उत्तर से विधायक विष्णु कुमार राजू ने मंदिरों में घी की खरीद को लेकर हो रही कथित गड़बड़ियों पर कड़ा रुख अपनाया है।उन्होंने मांग की है कि इसकी जांच सिर्फ तिरुपति तक सीमित न रखी जाए. बल्कि पूरे आंध्र प्रदेश के सभी मंदिरों में कराई जाए. जांच के बाद ही हकीकत सामने आ पाएगी।विष्णु कुमार राजू ने कहा कि अगर मंदिरों के लिए घी मात्र 319 रुपये प्रति किलो की कीमत से खरीदा जा रहा है, तो यह अपने आप में एक बड़ी गड़बड़ी की ओर इशारा करता है. उन्होंने कहा कि ऐसे सौदे करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.
उन्होंने आरोप लगाया कि घी की खरीद प्रक्रिया में शामिल सभी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है. पिछली वाईएसआरसीपी सरकार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व टीटीडी चेयरमैन वाई. वी. सुब्बा रेड्डी ने खुद यह बात मानी थी कि घी में मिलावट हुई थी. लेकिन, इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई ।
जगन मोहन रेड्डी के परिवार ने दिखाई लापरवाही
विधायक ने सवाल उठाया कि जब मिलावट की बात स्वीकार की जा चुकी थी, तो फिर दोषियों के खिलाफ कदम क्यों नहीं उठाए गए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शुरुआत से ही तिरुपति घी मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया है. तत्कालीन मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी के परिवार के लोगों ने भी इस मामले में लापरवाही दिखाई है.
नकली घी को लेकर विवाद जारी
इससे पहले, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी इस मामले पर गहरा दुख जताया था. उन्होंने कहा कि एसआईटी (विशेष जांच टीम) की रिपोर्ट में यह सामने आया है कि वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान तिरुमला श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के लड्डू प्रसाद में इस्तेमाल किया गया घी असली नहीं था. पवन कल्याण ने आरोप लगाया कि लड्डू बनाने में केमिकल और पाम तेल से बने तेल का इस्तेमाल किया गया, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची.
जांच में पाया गया मिलावटी घी
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इस मामले की जांच के लिए सीबीआई ने एक एसआईटी का गठन किया था. जांच में यह पुष्टि हुई कि टीटीडी को सप्लाई किया गया घी मिलावटी था. जांच एजेंसी के अनुसार, इस मामले में एआर डेयरी, वैष्णवी डेयरी और भोले बाबा डेयरी की भूमिका सामने आई है।
