अहमदाबाद: गुजरात में सख्त शराबबंदी कानून के बावजूद अवैध शराब पार्टियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। अहमदाबाद ग्रामीण जिले के साणंद क्षेत्र में स्थित निर्वाणा ग्रीन्स वीकेंड होम में बुधवार देर रात पुलिस ने छापेमारी कर एक हाई-प्रोफाइल शराब और हुक्का पार्टी का पर्दाफाश किया।
पुलिस कार्रवाई में 38 महिलाओं सहित कुल 81 लोगों को हिरासत में लिया गया है। छापे के समय पार्टी में तेज म्यूजिक बज रहा था और कई लोग मास्क पहनकर डांस कर रहे थे। पुलिस की एंट्री होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
BMW-Audi समेत 20 से ज्यादा लग्जरी गाड़ियां जब्त: पुलिस ने वीकेंड होम के बाहर खड़ी BMW, Audi समेत 20 से अधिक लग्जरी कारें जब्त की हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में विदेशी शराब, हुक्का और उससे जुड़ा सामान भी बरामद किया गया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 2.91 करोड़ रुपये आंकी गई है।
शादी की सिल्वर जुबली पर रखा गया था आयोजन: प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पार्टी का आयोजन आदर्श अग्रवाल ने अपनी शादी की 25वीं सालगिरह के मौके पर किया था। निजी परिसर में 11 टेबल लगाकर शराब और हुक्का की व्यवस्था की गई थी। पकड़े गए लोगों में डॉक्टर, बिल्डर और व्यापारी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
कानूनी कार्रवाई जारी: अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने सभी आरोपियों को साणंद थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। मेडिकल जांच और बैकग्राउंड वेरिफिकेशन के बाद गुजरात शराबबंदी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आशुतोष झा
