राष्ट्रीय

तरबूज या ‘चलता-फिरता बम’? केरल पुलिस ने पकड़ा बारूद से लदा ट्रक, कोयंबटूर से त्रिशूर तक फैला तस्करी का जाल

डेस्क:केरल के पलक्कड़ जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विस्फोटकों की खेप बरामद की है। पलक्कड़ मेडिकल कॉलेज के पास एक पिकअप वैन से 100 से अधिक जिलेटिन स्टिक के डिब्बे और 20 से ज्यादा डेटोनेटर के डिब्बे जब्त किए गए हैं। विस्फोटक ले जाने का तरीका इतना शातिराना था कि पुलिस भी दंग रह गई। तरबूजों के नीचे छिपा था ‘मौत का सामान’
पलक्कड़ टाउन साउथ पुलिस स्टेशन के अधिकारियों के अनुसार, यह जब्ती बुधवार देर रात की गई। खुफिया जानकारी मिली थी कि राज्य में विस्फोटकों की एक बड़ी खेप लाई जा रही है। इसी आधार पर जब पुलिस ने एक पिकअप वैन को रोकने का इशारा किया, तो ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी गति बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा कर वैन को घेरा और तलाशी ली।

गाड़ी का ड्राइवर हिरासत में
पुलिस ने गाड़ी के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है, जिसकी पहचान सेंथिल के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि उसने कोयंबटूर से डिब्बे लोड किए थे और उन्हें त्रिशूर में एक खदान में ले जा रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि उन्हें पहले ही राज्य में बड़ी मात्रा में विस्फोटक लाए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वाहनों की चेकिंग के दौरान पिकअप वैन को रोका गया। हालांकि, ड्राइवर ने कहने पर भी गाड़ी नहीं रोकी, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया। अब ड्राइवर के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।

विस्फोटक का इस्तेमाल खदान के कामों में किया जाना था
शुरुआती जांच से पता चलता है कि विस्फोटक को काले पत्थर की खदान के कामों में इस्तेमाल के लिए गुप्त रूप से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि पहले भी ऐसे मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल विस्तृत जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *