राष्ट्रीय

स्टेडियम में कुत्ता टहलाने के विवाद से चर्चा में आए IAS संजीव खिरवार की दिल्ली वापसी, बनाए गए MCD के नए कमिश्नर

डेस्क:करीब दो साल पहले दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में कुत्ता टहलाने के विवाद के कारण सुर्खियों में रहे 1994 बैच के आईएएस अधिकारी संजीव खिरवार एक बार फिर देश की राजधानी लौट आए हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को उनकी नियुक्ति का आधिकारिक ऐलान करते हुए उन्हें दिल्ली नगर निगम (MCD) का नया कमिश्नर नियुक्त किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को उनकी नियुक्ति की घोषणा की और इसकी जानकारी दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना के कार्यालय को भी दी गई। खिरवार ने 1992 बैच के IAS अधिकारी अश्विनी कुमार की जगह ली है, जिन्हें जम्मू और कश्मीर ट्रांसफर कर दिया गया है। उन्होंने ऐसे समय में पदभार संभाला है जब नगर निकाय इस महीने के आखिर में नगर निगम सदन के सामने अपना बजट पेश करने की तैयारी कर रहा है और कई प्रशासनिक और वित्तीय चुनौतियों से निपट रहा है। MCD कमिश्नर निगम के रोज़मर्रा के कामों की देखरेख करने, नीतियों को लागू करने और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।

विवाद से लद्दाख तक का सफर
संजीव खिरवार का नाम मई 2022 में तब देश भर में चर्चा का विषय बन गया था, जब उन पर आरोप लगा था कि वह दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में अपने पालतू कुत्ते को टहलाने के लिए खिलाड़ियों को समय से पहले स्टेडियम से बाहर करवा देते थे। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें वायरल होने के बाद गृह मंत्रालय ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें दिल्ली से लद्दाख स्थानांतरित कर दिया था। उनकी पत्नी, रिंकू दुग्गा (जो स्वयं एक आईएएस अधिकारी हैं), को भी इस विवाद के बाद अरुणाचल प्रदेश भेज दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *