राष्ट्रीय

झारखंड के लातेहार में पैंगोलिन के दो किलोग्राम शल्क जब्त, महिला गिरफ्तार

डेस्क:झारखंड के लातेहार जिले में पैंगोलिन के दो किलोग्राम शल्क बरामद किये गये हैं और इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पैंगोलिन शल्क केरटिन नामक प्रोटीन से बने कठोर, प्लेट जैसे आवरण होते हैं जो पैंगोलिन के पूरे शरीर (चेहरे और पेट को छोड़कर) को ढके रहते हैं जिससे उन्हें शिकारियों से सुरक्षा मिलती है। ये शल्क उनके अवैध शिकार का मुख्य कारण भी हैं क्योंकि पारंपरिक चिकित्सा में इनका उपयोग किया जाता है।

लातेहार के वन क्षेत्र अधिकारी नंदकुमार मेहता ने बताया कि महिला को मंगलवार को बारेसांड़ इलाके से पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि उसके पास से एक बैग मिला जिसमें पैंगोलिन के शल्क थे।

मेहता ने कहा, ‘‘गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तारी की गई… मंगलवार को एक अन्य वन क्षेत्र से एक राइफल बरामद हुई थी तथा दो शिकारियों को पकड़ा गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लातेहार के वन क्षेत्र में शिकारियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।’’ मेहता ने बताया कि झारखंड-बिहार सीमा पर हाल में चीतल के शल्क जब्त किए गए और इस मामले में चार शिकारियों को गिरफ्तार किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *