

दरभंगा। दरभंगा महाराज की तीसरी व अंतिम महारानी कामसुंदरी देवी का सोमवार को निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार राज परिसर स्थित माँ श्यामा माई मंदिर परिसर में महाराज कामेश्वर सिंह की चिता के समीप किया गया। उन्हें महाराजा कामेश्वर सिंह के पौत्र रत्नेश्वर सिंह ने मुखाग्नि दी। युवराज कपिलेश्वर सिंह दरभंगा से बाहर होने के कारण अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके।
महारानी के निधन की सूचना मिलते ही बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी तथा डीएम कौशल कुमार सहित कई गणमान्य लोग पहुंचे और पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
डॉ दिलीप जायसवाल ने जलती चिता पर धूप अर्पित कर नमन करते हुए कहा कि महारानी का निधन मिथिलांचल ही नहीं, पूरे बिहार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दरभंगा महाराज के देशहित में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा चीन युद्ध के समय 600 किलो सोना दान कर राष्ट्रभक्ति का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया गया था।