बिहार के पांच स्टेट हाईवे (राज्यपथ) के बनने का रास्ता साफ हो गया है। पथ निर्माण विभाग के अधीन बिहार राज्य पथ विकास निगम ने बीते दिनों एशियन विकास बैंक (एडीबी) को पांच सड़कों की प्राइस बिड इवैल्यूएशन (पीबीई) रिपोर्ट भेजी थी।एडीबी ने पीबीई की मंजूरी देते हुए उसकी सूचना निगम को दे दी है। अब एडीबी से वित्तीय सहायता के तौर पर बिहार सरकार को 200 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 2900 करोड़ मिलेंगे।
एडीबी से मंजूरी मिलते ही पथ निर्माण विभाग ने पांचों सड़कों के निर्माण के लिए चयनित एजेंसियों को काम करने की अनुमति दे दी। साथ ही इन सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया। जिन पांच सड़कों का निर्माण होना है, उसकी कुल लंबाई 225 किलोमीटर है। चयनित एजेंसी की ओर से जैसे-जैसे सड़क का निर्माण किया जाएगा, चरणवार तरीके से एडीबी की ओर से राशि की प्रतिपूर्ति की जाएगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सड़क परियोजनाओं पर काम शुरू करने के पहले ही राज्य सरकार ने एडीबी से इसकी सैद्धांतिक सहमति ले ली थी।
उसी के बाद सड़क परियोजनाओं की डीपीआर तैयार कर जमीन अधिग्रहण और फिर निविदा जारी की गई थी। जिन सड़कों का निर्माण होना है, उनमें अभी अधिकतर सिंगल लेन की सड़कें हैं। अब इन सड़कों को कम से कम दो लेन चौड़ा किया जाएगा। यातायात घनत्व को देखते हुए इसकी चौड़ाई और बढ़ाई जा सकती है। इन सड़कों को निर्माण कार्य शुरू होने के दो साल के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से भोजपुर, मुंगेर, बांका, नवादा, गयाजी, नालंदा, सारण, नवादा, मुजफ्फरपुर आदि जिलों को सीधा लाभ होगा।
● गया जी जिले की बनगंगा-जेठियन-गहलौर-भिंडस सड़क शामिल है। इसकी लंबाई 41.256 किलोमीटर है। इसके निर्माण पर 361 करोड़ 325 लाख खर्च होंगे।
● मुंगेर और बांका के असरगंज-शंभूगंज-इंगलिश मोड़-पुनसिया-धोरैया रोड की लंबाई 72.183 किलोमीटर है। इसके निर्माण पर 701 करोड़ 26 लाख खर्च होंगे।
● भोजपुर जिले के आरा-एकौना-खैरा-सहार रोड का निर्माण होगा। 32 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 373 करोड़ 56 लाख खर्च होने का अनुमान है।
● सारण और सीवान जिले के छपरा-मांझी-दरौली-गुठनी सड़क की लंबाई 32 किलोमीटर है। इसके निर्माण पर 373 करोड़ 56 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
मुजफ्फरपुर के हथौड़ी-अतरार-बभनगामा-औराई रोड सह हाईलेबल ब्रिज की लंबाई 21 किलोमीटर है। इसके निर्माण पर करीब 814 करोड़ 22 लाख खर्च होने हैं।
