
दरभंगा। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में शीतलहर एवं ठंड से बचाव के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित जागरूकता रथ को जिला पदाधिकारी,दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में शीतलहर एवं ठंड से बचाव हेतु जागरूकता रथ का परिचालन किया जा रहा है। जागरूकता रथ के माध्यम से आपदा से बचाव,सुरक्षा उपायों, आपातकालीन स्थितियों में अपनाए जाने वाले व्यवहार से संबंधित प्राधिकरण द्वारा निर्मित शैक्षणिक चल चित्रों का प्रदर्शन किया जा रहा। ताकि आमजन एवं औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों को आपदा प्रबंधन के प्रति सजग किया जा सके। उन्होंने बताया दरभंगा जिले में यह जागरूकता रथ 02 जनवरी से 04 जनवरी तक जिले के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों, यथा दोनार, बेला एवं गंज औद्योगिक क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से औद्योगिक प्रतिष्ठानों के श्रमिकों एवं आम नागरिकों को ठंड से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। जिलाधिकारी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा वर्तमान में ठंड से बचाव हेतु आवश्यक एडवाइजरी जारी की गई है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे जारी एडवाइजरी का पूर्णतः पालन करें, विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें तथा ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, वरीय उप समाहर्ता वृषभानु चंद्रा,सहायक आपदा प्रबंधन अधिकारी प्रणव राज सहित अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।