मिथिला क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में मैथिली भाषा को जरूरी विषय के रूप में पढ़ाया जाना चाहिए : सांसद गोपाल जी ठाकुर
आनेवाले समय में शेखर क्लासेज के प्रतिभावान छात्र विभिन्न क्षेत्रों में सफलता अर्जित कर मिथिला को करेंगे गौरवान्वित : बेनीपुर विधायक विनय चौधरी
ईमानदार पहल के साथ ही पाई जा सकती है सफलता : सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार

दरभंगा : सांसद गोपाल जी ठाकुर का कहना है कि मैथिली भाषा को अब तक वह सम्मान नहीं मिल पाया है, जिसका वह हकदार है। मिथिला क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में इसे जरूरी विषय के रूप में पढ़ाया जाना चाहिए, जिससे कि इस क्षेत्र के भी छात्र बड़े प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें। सांसद ने ये बातें रविवार को शेखर क्लासेस के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में कही। उन्होंने शेखर क्लासेस के अब तक के सफर की सराहना करते हुए कहा कि इस संस्थान ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। उन्होंने कहा कि संस्थान के क्रियाकलापों से जरूरतमंद छात्रों को भी काफी फायदा मिला है और वह सफलता पाकर अपनी मंजिल पर पहुंचे हैं। सांसद ने शेखर क्लासेस के सामाजिक सरोकारों की भी सराहना की।

इस अवसर पर बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी ने भी संस्थान की कार्यप्रणालियों की सराहना की और उम्मीद जताई कि आनेवाले समय में इस संस्थान के कई प्रतिभावान छात्र विभिन्न क्षेत्रों में सफलता अर्जित कर देश और मिथिला क्षेत्र को गौरव प्रदान करेंगे। स्थापना दिवस के मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने बच्चों को लगन के साथ अध्ययन करने का सुझाव दिया और कहा कि ईमानदार पहल के साथ ही सफलता पाई जा सकती है। शेखर नेत्रालय के डॉक्टर आशीष शेखर ने भी शिक्षा के क्षेत्र में शेखर क्लासेस के अब तक के योगदान की सराहना की और उम्मीद जताई कि आनेवाले समय में यहां के कई छात्र सफलता के उच्च मानदंड स्थापित करेंगे।

विटल बायोलॉजी के डायरेक्टर आपी राय, रोज पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ. आरके सिंह, विद्यापति स्कूल की प्राचार्या मधुबाला सिंह, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर प्रवीण कुमार, शेखर क्लासेस की संरक्षक डॉक्टर अनुपमा, एके कर्ण, प्रियदर्शनी ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के डायरेक्टर कुमार ज्ञानेश, शिक्षिका अभिलाषा कुमारी, रोशन नायक एवं कई विद्वतजन एवं बुद्धिजीवी भी कार्यक्रम में उपस्थित हुए। छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में काफी संख्या में उपस्थित हुए। इस अवसर पर मेधावी एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
