
मधुबनी (निशांत झा)। रहिका प्रखंड अंतर्गत सौराठ गांव के प्रतिभाशाली छात्र ऋषव कुमार झा ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित इंजीनियरिंग सर्विसेज एग्ज़ामिनेशन (UPSC-ESE) में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विषय में ऑल इंडिया रैंक 26 प्राप्त कर प्रखंड, जिला एवं राज्य का नाम रोशन किया है।

ऋषव कुमार झा की प्रारंभिक शिक्षा इंडियन पब्लिक स्कूल, मधुबनी से हुई। इसके बाद उन्होंने कोलकाता से बीटेक (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) तथा दिल्ली के आईआईटी से एमटेक की पढ़ाई पूरी की। पिछले दो वर्षों से वे UPSC ESE की कठिन और सतत तैयारी में लगे हुए थे, जिसका सुखद परिणाम यह ऐतिहासिक सफलता के रूप में सामने आया है।
ऋषव कुमार झा के पिता त्रिलोच नाथ झा एवं दादा जीवछ झा ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे परिश्रम और अनुशासन का प्रतिफल बताया। उनकी सफलता से सौराठ गांव सहित पूरे रहिका प्रखंड में खुशी की लहर है।
परिवारजनों, शिक्षकों, शुभचिंतकों एवं ग्रामीणों ने ऋषव की उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
