अजब-गजब

हिमाचल प्रदेश : 5 दिनों से लापता महिला अचेतावस्था में जंगल में मिली, मायके से लौटते समय भूल गई रास्ता

डेस्क : सैंज घाटी की एक महिला पलदी घाटी की दुर्गम पहाड़ियों में पांच दिन के बाद अचेतावस्था में मिली। हालांक, पांच दिन तक कड़ाके की सर्दी में उसका जीवित मिलना किसी अचम्भे से कम नही है। सैंज घाटी की बनोगी पंचायत के पातल गांव की 27 वर्षीय वंती देवी पत्नी कमलेश कुमार पांच दिन से लापता थी। पल्दी के गनेउली गांव स्थित मायके से वंती देवी गलु के रास्ते पैदल घर की ओर निकली थी, लेकिन जब वह घर नहीं पहुंची तो मायके वालों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस थाना बंजार में दर्ज करवाई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर भी महिला की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बीते शुक्रवार सुबह पनिहार की दुर्गम पहाड़ियों में चील-कौए मंडरा रहे थे। जंगल में घास काटने गई महिलाओं ने देखा तो वंती देवी वहां अचेत अवस्था में पड़ी थी। जानकारी के अनुसार, वंती देवी के पति कमलेश कुमार की एक साल पहले सैंज में हत्या हुई थी। पति का साया सिर से उठते ही उसपर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा। वंती देवी ने बताया कि कमलेश को उसकी ताया ने गोद लिया था। ताया की मौत के बाद उनकी जमीन और मकान कमलेश के नाम हो चुके थे। कमलेश की मौत के बाद सारी संपत्ति वंती देवी और उसके दो बेटों के नाम होनी थी। कुछ दिन पहले ही सास दोनों बच्चों को अपने साथ कुल्लू ले गई थी। इस पर वह दो दिन के लिए थाटीबीड स्थित मायके चली गई, लेकिन वहां उसे बच्चों की याद सताती रही तो पैदल ही घने जंगल के रास्ते घर को निकल पड़ी। रास्ता भटकने के बाद वह पांच दिन और रात कैसे जीवित रही, यह अभी भी पहेली बनी हुई है। इससे वंती का मानसिक स्वास्थ्य बिगड़ा है और उसे कुल्लू अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप

पुलिस थाना बंजार के प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि बीते सप्ताह महिला को मायके वालों के हवाले किया गया है। हालत नाजुक होने से वह बयान देने की स्थिति में नहीं थी। गंभीर हालत के चलते बंजार अस्पताल से उसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि घटना के एक सप्ताह बाद महिला ने बंजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें वंती देवी ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *