स्थानीय

पटना : दानापुर में गिरी मकान की छत, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

डेस्क : पटना जिले के दानापुर में एक पुराने मकान की छत भरभराकर गिर गई. इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान बबलू खान (32), उनकी पत्नी रौशन खातून (30), बेटा मो. चांद (10), बेटी रूकशार (12) और दो वर्षीय बेटी चांदनी के रूप में हुई है. हादसा अकिलपुर थाना क्षेत्र के मानस नयापानापुर 42 पट्टी गांव में हुआ है. इंदिरा आवास योजना के तहत बने एक पुराने मकान की छत अचानक गिर गई. हादसा रविवार रात करीब पौने दस बजे की है. रोज की तरह परिवार ने भोजन कर विश्राम किया ही था कि अचानक तेज धमाके की आवाज के साथ पूरा घर भरभराकर गिर पड़ा. आस-पास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, मकान मलबे में तब्दील हो चुका था.

ग्रामीणों ने बताया कि यह मकान इंदिरा आवास योजना के तहत करीब एक दशक पहले बनाया गया था. समय के साथ मकान जर्जर होता चला गया. हाल के दिनों में लगातार बारिश और नमी के कारण दीवारें कमजोर हो गई थीं और छत में पहले से दरारें पड़ चुकी थीं. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे इसकी मरम्मत नहीं कर पाए. ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में ऐसे कई मकान हैं जो अब पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं और लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सभी पुराने इंदिरा आवास मकानों की जांच कराई जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *