राष्ट्रीय

मुंबई : चार पेंट की बाल्टियों में मिले शव के 7 टुकड़े, आरोपी गिरफ्तार, दूसरे धर्म की लड़की से प्रेम बना मौत की वजह, बिहार का रहनेवाला था मृतक

डेस्क : मुंबई के गोरेगांव इलाके में तीन दिन पहले मिले एक शव की पहचान 21 वर्षीय रघुनंदन पासवान के रूप में हुई है। पुलिस को शव पर ‘आरए’ नाम का टैटू मिला था, जिससे पहचान संभव हो सकी। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने भायंदर से मोहम्मद सत्तार को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य दो संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपी बिहार के एक ही गांव के रहने वाले थे और एक-दूसरे को जानते थे। इस हत्या के पीछे एक अन्य धर्म की लड़की से पासवान के कथित प्रेम संबंध को कारण माना जा रहा है। हत्या 31 अक्टूबर को हुई थी, जबकि शव के टुकड़े 1 नवंबर को ठिकाने लगाए गए थे।

प्रेम संबंध होने की जानकारी होने पर लड़की के घरवाले उसे मुंबई ले आए थे। पासवान उससे मिलने मुंबई आ गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। और उसकी हत्या कर दी गई। मृतक एक मित्र के साथ आया था, जो अब संदेह के घेरे में है और उससे पूछताछ जारी है।

सूत्रों के अनुसार, लड़की के परिवार ने उसके और पासवान के संबंधों को खत्म करने के लिए उसे मुंबई बुलाया था। लेकिन जब पासवान उससे मिलने आया, तो परिवार भड़क गया। बताया जाता है कि मोहम्मद सत्तार ने पासवान को भयंदर बुलाकर उसकी हत्या कर दी, फिर शव को सात टुकड़ों में काटकर एक बाल्टी और बोरी में पैक किया और रिक्शा के जरिए गोरेगांव ले जाकर फेंक दिया। पुलिस ने रिक्शा चालक को भी हिरासत में लिया है।

मृतक के पिता जितेंद्र पासवान ने अपने बेटे की पहचान ‘आरए’ टैटू से की। उनके अनुसार, लड़की के परिवार ने उनके बेटे की हत्या की है। इस मामले में लड़की के दो भाइयों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

पासवान, जो पुणे में एक निजी कंपनी में काम करते थे, दीवाली के लिए बिहार लौटे थे। परिवार का दावा है कि लड़की के बड़े भाई ने पहले भी उन्हें धमकी दी थी। दोनों की मुलाकात बिहार के एक अस्पताल में हुई थी, जहां पासवान ने लड़की की मदद की थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *