डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा के करीब 2500 कार्यकर्ताओं को इलेक्शन में जीत का मंत्र देंगे. बरौनी रिफाइनरी स्टेडियम में हेलिकॉप्टर से दोपहर 3 बजे रिफाइनरी टाउनशिप में बने स्थायी हेलीपैड पर उतरेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद शाम 4 बजकर 35 मिनट पर हेलिकॉप्टर से पटना के लिए रवाना हो जाएंगे.
भाजपा के इस विशेष कार्यक्रम में बेगूसराय समेत आसपास के 10 जिलों के भाजपा कोर कमेटी के सदस्य को बुलाया गया है. इसमें बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, जमुई, शेखपुरा, नालंदा बाढ़ और पटना संगठन जिला के कोर कमेटी के सदस्य और वरिष्ठ नेता समेत करीब 2500 कार्यकर्ता शामिल होंगे.इसमें आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा समेत एनडीए गठबंधन की जीत कैसे होगी, बूथ स्तर तक क्या रणनीति हो, इस पर अमित शाह विशेष टिप्स देंगे.
अमित शाह का ये कार्यक्रम पार्टी संगठन को धारदार बनाने और चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की नजरिए से बेहद महत्वपूर्ण है. शाह खुद समीक्षा करेंगे कि संगठनात्मक स्तर पर भाजपा की तैयारियां कितनी मजबूत हैं और किन बिंदुओं पर और मजबूती की आवश्यकता है., बैठक में सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, विधान पार्षद, पूर्व विधान पार्षद, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सभी मोर्चों के अध्यक्ष, सोशल मीडिया एवं डिजिटल मीडिया प्रभारी और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य शामिल होंगे.इस बार खास बात यह है कि अमित शाह ने नीचे से लेकर शीर्ष स्तर तक के सभी पदाधिकारियों और संगठनों को इन बैठकों में शामिल रहने का निर्देश दिया है. माना जा रहा है कि इन बैठकों में भाजपा की ओर से विधानसभा चुनाव को लेकर बूथ स्तर तक की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा.
