दरभंगा : सिंहवाड़ा थाने में राजद नेता तेजस्वी यादव, राज्यसभा सांसद संजय यादव, पूर्व आरजेडी विधायक ऋषि मिश्रा और पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी मस्कूर अहमद उस्मानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है. इनपर सरकारी योजना के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है.
गुड़िया देवी नाम की महिला ने यह शिकायत की है, जिसमें उसने आरोप लगाया है कि ‘माई-बहन योजना’ के तहत उसे 2500 रुपए का लाभ देने का वादा किया गया था, लेकिन आवेदन करते समय उससे 200 रुपए ले लिए गए. उसका आरोप है कि इस योजना के जरिए महिलाओं से आधार, बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबर जैसी जानकारियां ली गईं.
चंद्रिका देवी नाम की दूसरी महिला ने कहा, उनके कागजात का इस्तेमाल कर किसी और के नाम पर विधवा पेंशन के लिए फर्जी आवेदन किया गया. उन्होंने बताया कि उनके आधार, वोटर आईडी और राशन कार्ड की कॉपी ली गई थी, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि जिनके नाम पर पेंशन मांगी गई है, वह महिला 1975 में ही गुजर चुकी थी. चंद्रिका देवी ने इस पूरे मामले को धोखाधड़ी और दस्तावेजों के गलत इस्तेमाल का स्पष्ट मामला बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है. कई हिस्सों में महिलाओं ने इस योजना को लेकर फर्जी आवेदन और डेटा का गलत उपयोग के आरोप भी लगाए हैं.
दिसंबर 2024 में ‘माई-बहन योजना’ की घोषणा हुई थी. तेजस्वी यादव ने कहा था कि अगर उनकी पार्टी की सरकार बनेगी तो हर जरूरतमंद महिला को हर महीने 2,500 रुपये दिए जाएंगे. इसके बाद 21 मई 2025 को कांग्रेस ने इस योजना को औपचारिक रूप से लॉन्च करने और प्रचार-विस्तार करने की घोषणा की. यह योजना कांग्रेस / महागठबंधन की घोषित योजना है. कुछ महिलाएं कह रही हैं कि माई-बहन नाम से फॉर्म भरवाकर उनसे पैसे लिए गए और उनकी व्यक्तिगत जानकारी मांगी गई, जिसके बाद धोखाधड़ी होने की शिकायतें सामने आई हैं.
