डेस्क : गोवा के वर्ना इलाके में स्थित बिट्स पिलानी, गोवा कैंपस (BITS Pilani, Goa Campus) से एक और दुखद घटना सामने आई है. यहां 19 वर्षीय छात्र ऋषि नायर (Rishi Nair Death) अपने हॉस्टल के कमरे में मृत पाया गया. ऋषि बेंगलुरु का रहने वाला था और वर्तमान में गोवा कैंपस में पढ़ाई कर रहा था. पुलिस के अनुसार, ऋषि के माता-पिता ने गुरुवार सुबह उसे फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. चिंतित होकर, वे कैंपस पहुंचे और छात्रावास के कर्मचारियों के साथ कमरे में गए तो ऋषि बिस्तर पर मृत पाया गया. कमरे में उल्टी के निशान भी मिले.
पुलिस ने बताया कि ऋषि डिप्रेशन की दवाएं (Depression Medications) ले रहा था. ऐसे में संदेह है कि उसकी मौत या तो आत्महत्या (Death or Suicide) से हुई या दवाओं के ओवरडोज़ (Drug Overdose) से. अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
पुलिस (Goa Police) जांच में पता चला कि ऋषि की गर्लफ्रेंड ने लगभग ढाई महीने पहले हैदराबाद में सुसाइड कर लिया था. इस घटना का ऋषि पर गहरा असर पड़ा और वह डिप्रेशन में चला गया. फिर उसकी पढ़ाई भी प्रभावित होने लगी. इसी वजह से उसके माता-पिता उन्हें हैदराबाद कैंपस (BITS Pilani, Hyderabad Campus) से गोवा ले गए और खुद भी उनके साथ गोवा में रहने लगे ताकि वे अपने बेटे का हौसला बढ़ा सकें.
बिट्स गोवा कैंपस की ओर से जनसंपर्क अधिकारी अर्जुन हलर्नकर ने एक बयान जारी किया. उन्होंने कहा कि ऋषि व्यक्तिगत स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था और उसका इलाज चल रहा था. उसके माता-पिता एक सेमेस्टर के लिए साथ में गोवा आए थे. यह एक बेहद दुखद घटना है और संस्थान पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहा है.
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले दस महीनों में बिट्स गोवा कैंपस में पांच छात्रों की मौत हो चुकी है. दिसंबर 2024 में प्रियन सिंह, मार्च 2025 में अथर्व देसाई, मई 2025 में कृष्णा केसरा, अगस्त 2025 में कुशाग्र जैन और अब सितंबर 2025 में ऋषि नायर. इन लगातार घटनाओं ने पूरे संस्थान और छात्रों को गहरे सदमे में डाल दिया है.
